Rajdhani
शांति का एक ही मंत्र है- विकास, विश्वास और सुरक्षाः मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल कांकेर जिले के कोड़ेकुर्से में विद्युत सब-स्टेशन और बीएड कॉलेज की घोषणा 19-Jun-2021

मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने कहा है कि शांति का एक ही मंत्र है- विकास, विश्वास और सुरक्षा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बस्तर अंचल के लोगों को विकास की मुख्यधारा में आगे लाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। वनवासियों को जल-जंगल और जमीन का हक देने के लिए व्यक्तिगत और सामुदायिक वन अधिकार पट्टों के साथ वन संसाधनों का भी अधिकार दिया जा रहा है। वनवासियों को तेंदूपत्ता सहित लघु वनोपजों का सही मूल्य दिलाने के साथ-साथ रोजगार से भी जोड़ा जा रहा है। बस्तर अंचल में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत की गई हैं। वनवासियों, किसानों, महिलाओं और ग्रामीणों तक राज्य शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। जिससे उनके जीवन में बड़ा परिवर्तन आ रहा है। 
              मुख्यमंत्री श्री बघेल आज अपने निवास कार्यालय में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में कांकेर जिले में 152 करोड़ 59 लाख रूपए की लागत के 145 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष  मनोज मण्डावी के आग्रह पर कांकेर जिले के कोड़ेकुर्से में विद्युत सब-स्टेशन और चारामा विकासखण्ड के ग्राम गिधाली के स्कूल चैक में गलवान घाटी में शहीद  गणेश कुंजाम की प्रतिमा की स्थापना के लिए 02 लाख रूपए स्वीकृति करने की घोषणा किया। संसदीय सचिव  शिशुपाल शोरी के आग्रह पर कांकेर में बीएड कॉलेज शुरू करने की भी घोषणा की।
                इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने वनवासियों, किसानों, महिलाओं और ग्रामीणों के जीवन मे बदलाव के लिए नई-नई योजनाएं शुरू की है। किसान हितैषी अनेक फैसले भी लिए हैं। तेंदूपत्ता संग्रहण की दर ढाई हजार रूपए से बढ़ाकर 4000 रूपए की गई है। इसी प्रकार 52 प्रकार के लघु वनोपजों को समर्थन मूल्य में खरीदने की व्यवस्था से वनवासियों को पहले से ज्यादा कीमत मिल रही है। वनोपज इकट्ठा करने, बेचने, खरीदने प्रोसेसिंग करने का सारा काम अब गांव के लोग ही कर रहे हैं, इससे गांवों के लोगों को रोजगार और भरपूर आमदनी मिल रही है। 
              श्री बघेल ने कहा कि राज्य सरकार ने कोदो-कुटकी का समर्थन मूल्य 03 हजार रूपए क्विंटल निर्धारित किया है। वनोपजों की प्रोसेसिंग के साथ ही कोदो-कुटकी की भी प्रोसेसिंग का काम किया जा रहा है। कांकेर के कृषि विकास केन्द्र और दुर्गुकोंदल विकासखण्ड के गोटूलमुंडा गांव में इसकी प्रोसेसिंग यूनिट लग चुकी है। कांकेर के ही इच्छापुर में हर्रा-बेहड़ा की प्रोसेसिंग यूनिट चल रही है।
               मुख्यमंत्री ने कहा कि नरवा-गरवा-घुरवा-बाड़ी योजना से अब जमीन भी ऊपजाऊ हो रही है, और सिंचाई का भी इंतजाम हो रहा है। गांव की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। गोबर खरीदकर और गौठान में वर्मी कंपोस्ट बनाकर हमारी हजारों बहनें रोजगार पा रही हैं। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना ने तो खेती-किसानी में बड़ी क्रांति ही कर दी है। योजना शुरु होने के बाद लगातार खेती का रकबा बढ़ रहा है। किसानों की संख्या भी बढ़ रही है, अब इस योजना का दायरा और बढ़ा दिया गया है। 
                  विधानसभा उपाध्यक्ष श्री मनोज मण्डावी ने कहा कि मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ महतारी को संवारने और प्रदेश के लोगों को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। कांकेर और नारायणपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री गुरू रूद्रकुमार ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए इन जिले में स्वास्थ्य सुविधा को और भी अधिक मजबूत करने के लिए डीएमएफ मद की राशि का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। संसदीय सचिव  शिशुपाल सोरी ने कहा कि कांकेर के जिला चिकित्सालय में जल्द ही एमआरआई और मेमोग्राफी जैसी सुविधाएं मिलेंगी। अंतागढ़ विधायक  अनूप नाग ने कहा कि क्षेत्र की जनता अब निर्भिक होकर पुल-पुलिया सड़क इत्यादि की मांग करते है और सरकार द्वारा उनका समाधान भी किया जा रहा है, क्षेत्र में पुल-पुलिया, सड़क इत्याद का निर्माण किया जा रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी अच्छा कार्य हो रहा है। तेंदूपत्ता संग्राहकों को नकद भुगतान की सुविधा प्राप्त हुई, जिससे वे बहुत हर्षित हैं। 
                    इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमंत ध्र्रुव, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य  नितिन पोटाई, नगरपालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष श्रीमती सरोज जितेन्द्र सिंह ठाकुर, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष श्रीमती सुभद्रा सलाम, बस्तर विकास प्राधिकरण के सदस्य श्री बिरेश ठाकुर, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष  हेमनारायण गजबल्ला, जनपद पंचायत कांकेर के अध्यक्ष  रामचरण कोर्राम सहित जनप्रतिनिधिगण, हितग्राही, डीआईजी श्री विनीत खन्ना, कलेक्टर  चन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री एम.आर. अहिरे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे, वन मण्डलाधिकारी अरविन्द पीएम, अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। 



RELATED NEWS
Leave a Comment.