Top Story
*मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के एक्शन पर विशेष लेख* 30-Jan-2022
*मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के एक्शन पर विशेष लेख* छत्तीसगढ़ में 15 साल की सत्ता परिवर्तन के बाद कांग्रेस के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने 3 साल के कार्यकाल के बाद एक्शन मोड में आए हैं| प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के माफिया राज को खत्म करने के लिए जो अभियान चलाया है वह सराहनीय है | पिछले 15 सालों में और कांग्रेस के 3 सालों को मिला लें तो 18 सालों में छत्तीसगढ़ में कभी भी इस तरह का सख्त अभियान कभी नहीं चला | देर से ही सही परंतु प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जो अभियान चलाया है उससे प्रदेश की जनता बहुत खुश है| यहां यह उल्लेख करना भी आवश्यक है जब छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना हुई थी उस समय के पहले मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने गुंडाराज पर जो अभियान चलाया था वह भी सराहनीय था | उन्होंने प्रदेश के जितने भी माफिया - गुंडे थे उन्हें चुन चुन कर समाप्त करने का जो अभियान चलाया था तत्कालीन समय में प्रदेश की जनता में खुशी की लहर थी, प्रदेश गुंडाराज से मुक्त हुआ था| प्रदेश की जनता उनकी गुंडा विरोधी गतिविधियों से काफी खुश थी | मुख्यमंत्री अजीत जोगी के शासन के बाद 15 सालों तक डाक्टर रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ में राज किया परंतु कभी भी कोई सख्त कार्रवाई नजर नहीं आई | रमन सिंह के 15 सालों के शासन के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य की सत्ता संभाली, सत्ता संभालने के बाद भूपेश बघेल 3 साल शांत रहे परंतु अब जो उन्होंने एक्शन लिया है वह सराहनीय है | प्रदेश में जो भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था उसे समाप्त करने के लिए उन्होंने सख्त कदम उठाया | *मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में गांजा तस्करी, रेत माफिया, चिटफंड कंपनी, हुक्का बार और शराब के अवैध कारोबार को बंद करने के लिए शासन, प्रशासन, पुलिस अधिकारियों को जो चेतावनी दी उसके बाद से तो प्रदेश में जो ताबड़तोड़ कार्यवाहियां हो रही हैं उसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए वह कम है |* चिटफंड कंपनियों के शिकार आम आदमी के साथ इन कंपनियों के एजेंट राहत की सांस ले रहे हैं | हुक्का बार जो रमन सरकार के समय चरम सीमा पर था खुलेआम युवक-युवतियों को गर्त की ओर धकेला जा रहा था, उस पर भूपेश बघेल ने सख्त कदम उठाकर प्रतिबंध का जो कड़ा आदेश जारी किया उससे युवक-युवतियों के माता पिता भारी खुश है | गांजा तस्करी के बारे में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र की एजेंसी को खुलेआम आमंत्रित किया था कि आप मुंबई में 10 ग्राम, 20 ग्राम, 50 ग्राम, 100 ग्राम गांजे को जप्त करने के लिए रात दिन एक कर अभियान चला रहे हैं , छत्तीसगढ़ में टनों टन गांजा माफियाओं द्वारा तस्करी किया जाता है, यहां का आबकारी विभाग, पुलिस विभाग उन पर कार्रवाई करता है, जप्त करता है | केंद्र की नारकोटिक एजेंसी यहां आए और कार्यवाही करें | परंतु मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आमंत्रण के बावजूद कोई भी केन्द्रीय एजेंसी छत्तीसगढ़ नहीं आई | मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही करने की कार्यशैली इस बात का सूचक है कि वे प्रदेश में गुंडाराज और माफिया राज को समाप्त करना चाहते हैं परंतु केंद्र से उन्हें सहयोग नहीं मिल रहा | प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल देर आए दुरुस्त आए, परंतु प्रदेश के हित के लिए उन्होंने जो अभियान चलाया है उस अभियान को गलत कहना, अभियान की आलोचना करना किसी भी तरह से सही नहीं माना जा सकता | नियमानुसार देखा जाए तो कोई भी राजनीतिक पार्टी दूसरी राजनीतिक पार्टी के अच्छे कार्यों की तारीफ नहीं करती, हर कार्य में मीन मेख निकालना विपक्ष अपना धर्म समझता है | ऐसा नहीं है कि भूपेश बघेल हर मामले में सही हैं, लेकिन उनका यह माफिया विरोधी अभियान तो हर हालत में सही है | आशा करते हैं कि भविष्य में वह गुंडा विरोधी अभियान भी शुरू करेंगे | CG 24 News-Singhotra


RELATED NEWS
Leave a Comment.