Rajdhani
महादेव एप्प को भाजपा और योगी सरकार का संरक्षण-कांग्रेस 07-Feb-2023

राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुये प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि महादेव एप्प बना कर संगठित आर्थिक अपराध सट्टा खिलाने का नेटवर्क पूरे देश में चलाया जा रहा था। छत्तीसगढ़ में महादेव एप्प के संचालन की जानकारी सामने आयी थी। इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी सामने आने के बाद महादेव एप्प में छत्तीसगढ़ पुलिस लगातार कार्यवाही की जा रही है। बड़े पैमाने पर अपराधियों की छत्तीसगढ़ और देश भर में गिरफ्तारियां भी की गयी। इस गैर कानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने की कार्यवाही की जा रही है। एकमात्र छत्तीसगढ़ पुलिस इस मामले में कार्यवाही कर रही है। अभी तक छत्तीसगढ़ पुलिस ने 98 आरोपियों पर कार्यवाही कर चुकी है। पुलिस अन्वेषण में पता चला कि महादेव एप्प संचालन का केंद्र बिन्दु उत्तर प्रदेश का नोएडा शहर है जो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी आता है। जब छत्तीसगढ़ पुलिस ने नोएडा में 9 सटोरियों को गिरफ्तार किया तब उत्तर प्रदेश पुलिस सहयोग करने के बजाय अपराधियों के बचाव में उतर आयी है। यूपी पुलिस ने कार्यवाही करने वाले पुलिस अधिकारियों पर धारा 365 के तहत अपहरण का अपराध दर्ज कर लिया। यही नहीं जब नोएडा पुलिस को यह जानकारी मिली कि छत्तीसगढ़ पुलिस अपराधियों पर कार्यवाही करने आ रही तब उसने एक दिन पहले 9 आरोपियों को जुआ एक्ट में गिरफ्तार कर लिया ताकि छत्तीसगढ़ पुलिस उन्हें पकड़ न पाये और बाद में उनको मुचलके पर छोड़ भी दिया। कुछ दिनों पहले भाजपा नेता राजेश मूणत ईडी दफ्तर शिकायत करने गये थे कि महादेव एप्प की ईडी जांच करे। अब जबकि यह स्पष्ट हो गया कि भाजपा शासित उत्तर प्रदेश से महादेव एप्प का संचालन हो रहा है तो क्या मूणत अब भी ईडी दफ्तर जायेंगे? क्या मूणत भाजपा नेताओं की इसमें संलिप्तता की जांच की मांग करेंगे? हम मांग करते है कि महादेव एप्प में भाजपा नेताओं की संलिप्तता की जांच की जाये।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आर.पी सिंह ने कहा कि महादेव एप्प एक संगठित गिरोह है। जो कि इस देश के बाहर विदेश से संचालित होता है केन्द्र सरकार अगर चाहे तो विदेश में बैठे हुये अपराधियों के उपर कार्यवाही कर सकती है। लेकिन इस मामले में केन्द्र सरकार और भाजपा की रहस्यमयी चुप्पी अनेक संदेहो को जन्म देती है। महादेव एप की पूरे देश भर के लगभग सभी राज्यो से संचालित होने की जानकारीया समय-समय पर मीडिया में आती रहती है।  पूरे देश में सिर्फ छत्तीसगढ़ की पुलिस इस संगठित गिरोह के अपराधियो के खिलाफ कार्यवाही करती है। कांग्रेस पार्टी का यह आरोप है कि भाजपा के लोग कही न कही प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से इस अवैध कृत्य में अवश्य शामिल है। अगर शामिल नहीं होते तो आजाद भारत का यह पहला मामला है जब छत्तीसगढ़ की पुलिस उत्तर प्रदेश में अपराधियो को पकड़ने जाये और अपराधियों को संरक्षण देने के लिये उत्तर प्रदेश की पुलिस छत्तीसगढ़ पुलिस के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लेती है। जिन अपराधियो के गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश से की गयी थी। उनके खिलाफ यहां दस्तावेजी कार्यवाही करके प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस की यह मर्यादाविहिन कार्यवाही अगर संरक्षण नहीं है तो क्या है? कांग्रेस यह सवाल पूछना चाहती है कि क्या राजेश मूणत अब उत्तर प्रदेश की सरकार के खिलाफ जांच की मांग को लेकर ईडी आफिस जायेंगे? अगर नहीं जायेंगे तो क्यो नहीं जायेंगे? वो इसलिये नहीं जायेंगे क्योकि उन्हें सच पता है कि अपराधियों को संरक्षण कौन दे रहा है। हमारी पुलिस के पास जो महादेव एप्प, रेडी एप्प, अंबानी एप्प इन तीनो की पहली शिकायत 27.09.2022 को मिली थी। हमारी पुलिस ने 27 सितंबर 2022 से लेकर दिनांक 7 फरवरी 2023 तक 17 बार रेड मारी है और कार्यवाही की है। इन छापो में 98 लोग गिरफ्तार किये गये है। 51 लैपटाप और 199 मोबाईल हमारी पुलिस ने जब्त किया है। इसके बाद भी भूपेश बघेल की सरकार इस बात के लिये प्रतिबद्ध है कि कही से ऐसी कोई भी सूचना आती है तो हम कड़ी कार्यवाही करेंगे। हमारी सरकार छत्तीसगढ़ को अपराध मुक्त छत्तीसगढ़ शासन देने में विश्वास रखती है।
पत्रकार वार्ता में महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला, प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, मीडिया समन्वयक प्रकाश मणी वैष्णव, विकास बजाज उपस्थित थे।



RELATED NEWS
Leave a Comment.