State News
महात्मा गांधी के धमतरी में कण्डेल नहर सत्याग्रह की 100वीं वर्षगांठ -- होंगे विभिन्न कार्यक्रम 21-Dec-2018

ब्रिटिश काल में छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक कण्डेल नहर सत्याग्रह के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का 21 दिसम्बर को धमतरी व कण्डेल आगमन को 100 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार पुण्य स्मरण समारोह का आयोजन जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा, जिसके तहत विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
नगरपालिक निगम धमतरी के आयुक्त रमेश कुमार जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार 21 दिसम्बर को शहर के मकई चौक के समीप स्थित गार्डन में सुबह 10.30 बजे गोष्ठी आयोजित की जाएगी जिसमें नगर के वरिष्ठजनों, प्रबुद्धजनों व वक्ताओं को आमंत्रित कर महात्मा गांधी के कण्डेल व धमतरी आगमन के संबंध में उद्बोधन एवं विचार प्रकट किए जाएंगे। इसी प्रकार नहर सत्याग्रह के जनक बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव गृहग्राम (गौरव ग्राम) कण्डेल में भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आगमन के पुण्य स्मरण स्वरूप समारोह आयोजित कर विभिन्न कार्यक्रम कराए जाएंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह 10.45 से 11.30 बजे तक नवागांव चौक से नहर तक एवं नहर से कार्यक्रम स्थल शासकीय माध्यमिक शाला कण्डेल तक पदयात्रा निकाली जाएगी तथा 11.40 से 11.45 तक अतिथियों द्वारा महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसी तरह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कण्डेल के विद्यार्थियों द्वारा सुबह 11.55 से दोपहर 12 बजे तक स्वागत गीत गाया जाएगा और दोपहर 12 से 12.10 बजे तक स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान किया जाएगा। तदुपरांत विद्यार्थियों द्वारा ही दोपहर 12.10 से 12.30 तक भजन, लघुनाटिका का प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। इसके बाद पंडित लखनलाल मिश्र स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शोधपीठ के अध्यक्ष डॉ. रमेन्द्रनाथ मिश्र मुख्य वक्ता के तौर पर कार्यक्रम को संबोेधित करेंगे तथा इसके पश्चात् अन्य मंचस्थ अतिथियों के द्वारा महात्मा गांधी के कण्डेल आगमन पर प्रकाश डाला जाएगा। इन कार्यक्रमों में कलेक्टर डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। CG 24 News



RELATED NEWS
Leave a Comment.