State News
मुंगेली : मुख्य सचिव मण्डल ने किया मुंगेली जिले के धान खरीदी केंद्र पण्डरभट्ठा का औचक निरीक्षण...किसानों से की सौजन्य मुलाकात 09-Dec-2019

प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान की हो रही खरीदी
प्रदेश में 15 हजार करोड़ रूपए की धान की होगी खरीदी

मुंगेली : छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव आरपी मण्डल ने आज मुंगेली जिले के विकासखण्ड मुंगेली के ग्राम पण्डरभट्ठा में धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होने धान विक्रय करने हेतु खरीदी (उपार्जन) केंद्र पहुंचे कृषक सावित्री देवी, राघव मोहन सिंह, बेदराम धु्रव और लीला प्रसाद से सौजन्य मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होने किसानों से उनकी धान की रकबा, धान का उत्पादन, समिति में लाये गये धान की मात्रा, टोकन आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होने कहा कि लगभग ढ़ाई महिने तक चलने वाले राज्य सरकार के किसान हितैषी महत्वपूर्ण अभियान धान खरीदी की शुरूआत एक दिसम्बर से शुरू हो गई है। यह अभियान आगामी 15 फरवरी तक चलेगा। किसानों से धान खरीदी के लिए राशि, बारदाना और धान रखने की पर्याप्त व्यवस्था है। उन्होने कहा कि धान खरीदी कार्य राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में से एक है। धान खरीदी अभियान के तहत पूरे प्रदेश में 15 हजार करोड़ की धान की खरीदी की जायेगी। इस अवसर पर उन्होने धान की गुणवत्ता का भी अवलोकन किया। उन्होने कहा कि मुंगेली जिला धान उत्पादक जिले के रूप में जाना जाता है। उन्होने धान खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की बात कही। राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में काम कर रही है। उन्होने कहा कि किसानों से प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। धान खरीदी बाद प्रति क्विंटल 2500 रूपए की राशि किसानों के खाते में सीधे जमा की जा रही है। तत्पश्चात उन्होने धान खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए पेयजल, बैठक व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा आदि के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व खाद्य विभाग के अधिकारी, तहसीलदार और समिति प्रबंधकों को सख्त लहजे में निर्देश देते हुए कहा कि समितियों में धान विक्रय हेतु आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। राज्य शासन के नियमों के तहत ही उन्होने धान खरीदी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिये। इस अवसर पर खाद्य विभाग के सचिव कमलप्रीत सिंह ने किसानों के धान को तौलते समय तौल का पूरा ध्यान रखने, ढ़ेरी बनाकर ही धान तौलने और वास्तविक किसानों का ही धान खरीदने के निर्देश दिये। उन्होने धान भर्ती की बोरो की गिनती हेतु स्टेक व्यवस्था नहीं होने पर अपनी गहरी नाराजगी व्यक्त की और शीघ्र धान की स्टेक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिये। इसी तरह राज्य सहकारी विपणन संघ के प्रबंध संचालक शम्मी आबदी ने बारदानों का आबंटन, भंडारण एवं नये और पुराने बारदानों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने बताया कि जिले में 43 समिति के 89 धान खरीदी केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी का कार्य किया जा रहा है। धान खरीदी केंद्रों में अवैध रूप से धान विक्रय करने वाले कोचियों और बिचौलियों पर सतत निगाह रखी जा रही है। इस हेतु संबंधितों को सख्त निर्देश दिये गये है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सीडी टंडन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री नुपूर राशि पन्ना, सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं उत्तम कौशिक, जिला विपणन अधिकारीउपेंद्र खाण्डेकर, जिला खाद्य अधिकारी विमल दुबे, धान खरीदी के नोडल अधिकारी सुश्री रश्मि गुप्ता भी मौजूद थे।


RELATED NEWS
Leave a Comment.