Top Story
भाजपा को कांग्रेस की चुनौती - जनता के बीच हो खुली चर्चा 28-Jan-2020
*रायपुर/28 जनवरी 2020।* केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा नेताओं को 15 साल की रमन सरकार की उपलब्धियों और भूपेश बघेल सरकार की कथित विफलताओं के साथ-साथ मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाने का निर्देश दिया है। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर तंज कसते हुये प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है कि देश में और प्रदेश में भाजपा के पास झूठे वादों और खोखलें इरादों के अलावा कुछ भी नहीं है। मगर इनको शर्म नहीं आती। भाजपा को खुली चुनौती देते हुये प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है कि 15 साल की भाजपा की उपलब्धियों और कांग्रेस की 13 माह की उपलब्धियों पर जनता के बीच चर्चा होनी चाहिये। हमारे घोषणा पत्र के वादे 5 साल के लिए हैं। छत्तीसगढ़ की जनता ने हमें 5 साल के लिए जनादेश दिया है और यदि 13 माह में आकर देश के गृहमंत्री अमित शाह कांग्रेस सरकार को विफल बताते हैं तो इससे भाजपा की बौखलाहट और छत्तीसगढ़ में खोखलापन उजागर हो जाता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है कि प्रधानमंत्री के रूप में विफल हो चुके नरेन्द्र मोदी की चाटुकारिता बंद कर भाजपा नेता सबसे पहले नरेन्द्र मोदी से उनकी विफलताओं का हिसाब मांगे। क्या हुआ सब के खातों में 15 लाख आने के वायदे का? क्यों नहीं आया विदेश से कालाधन? अच्छे दिन के सपने क्यों पूरे नहीं हुये? हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वायदा क्यों पूरा नही हुआ? नोटबंदी जैसा डरावना और देश के लोगों को परेशान करने वाले निर्णय की उपयोगिता देश को मोदी क्यों नही बता रहें? जीएसटी लगाकर व्यापार और रोजगार को क्यों बर्बाद कर दिया? क्यों किसानों को उनकी ऊपज का पूरा दाम नहीं मिल रहा? किसानों की आय दुगुनी करने के जो सपने भाजपा ने दिखायें थे, उसका क्या हुआ? छत्तीसगढ़ के किसानों को 2500 रू. धान का दाम देने में केन्द्र की भाजपा सरकार क्यों बाधा डाल रही है? प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है कि भूपेश बघेल की सरकार ने घोषणा पत्र में जिन वादों को पूरा किया गया है उनको तो भाजपा पहले गिन ले। गंगाजल हाथ में लेकर किये गये किसानों की कर्जमाफी के वायदे का न केवल कांग्रेस सरकार ने निभाया है, बल्कि घोषणा पत्र के अन्य वादों को भी पूरा किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार के 13 माह के जन कल्याणकारी कार्यों में किसानों का कर्जमाफी, धान का वादा अनुसार 2500 रू. दाम, छोटे प्लाटो की रजिस्ट्री से प्रतिबंध हटाना, आदिवासियों की जमीन लौटाना, तेंदूपत्ता का मानक दर 2500 से बढ़ाकर 4000 रू. प्रति बोरा, 15 वनोपज को समर्थन मूल्य में खरीदने की नीति, बिजली बिल हाफ, युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं के लिए सुरक्षा, शासकीय कर्मचारियों को उनका अधिकार, जाति प्रमाण पत्र का सरलीकरण का ही नतीजा है, छत्तीसगढ़ के किसानों, मजदूरों, व्यापारियो, युवाओं, गृहणियों, आदिवासियों सहित सर्वहारा वर्ग के चेहरे में खुशियां लौटी है। किसानों की खुशहाली लाने में भूपेश बघेल सरकार की सफलता यदि अमित शाह को विफलता नजर आती है तो भाजपा को अपना नजरिया बदलने की जरूरत है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है कि उपलब्धियों के नाम पर देश और समाज को बांटने के अलावा क्या किया है? कमीशनखोरी करने, भ्रष्टाचार करने के अलावा भाजपा की केंद्र सरकार हो या राज्य सरकार भाजपा के पास उपलब्धियों के नाम पर और कुछ नहीं है। इसका सबूत रमन सिंह जी का वह बयान है जो उन्होंने रायगढ़ में भाजपा कार्यसमिति में दिया था और भाजपा के नेताओं से 1 साल के लिए कमीशनखोरी बंद करने का आव्हान किया था। भाजपा के पास झूठे वायदे और खोखले इरादों के अलावा और कुछ नहीं है। छत्तीसगढ़ में गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोग 33 प्रतिशत से बढ़कर 40 प्रतिशत हो गए और आज भाजपा सरकार के 15 साल के शासन के बाद छत्तीसगढ़ के 18 प्रतिशत लोग झुग्गियों में रहते हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पूछा है कि 15 साल की किन उपलब्धियों की बात कर रहे हैं अमित शाह? अमित शाह बतायें कि 15 साल के रमन सिंह के शासनकाल के दौरान हुए झीरम घाटीकांड, नसबंदी कांड, गर्भाशय कांड, पेद्दागेल्लूर झलियामारी कांड, 36 हजार करोड़ का नान घोटाला, डीकेएस घोटाला, सारकेगुड़ा, बिलासपुर कांग्रेस भवन में घुसकर हुआ लाठीचार्ज क्या भाजपा की उपलब्धियां है? किन उपलब्धियों की बात अमित शाह कर रहे हैं? डॉ. रमन सिंह के 15 साल के कार्यकाल के दौरान हुये कमीशनखोरी, भ्रष्टाचार की काली कमाई ही भाजपा की उपलब्धि है क्या? प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है कि भाजपा के 15 साल के शासनकाल में सिर्फ चंद ठेकेदार चंद चाटुकार अधिकारी ही खुशहाल थे और छत्तीसगढ़ के किसान, युवा, मजदूर, महिलाएं, व्यापारी, दुखी रहे हैं। अब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार के जनकल्याणकारी कार्यो से छत्तीसगढ़ का जन-जन खुशहाल हो रहा है।


RELATED NEWS
Leave a Comment.