किसानों को धान विक्रय में कोई परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा : ठाकुर
किसानों को धान विक्रय में कोई परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा : ठाकुर
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश की साय सरकार लगातार किसान हितैषी निर्णय ले रही है। कांग्रेस गलतबयानी करके धान खरीदी को लेकर किसानों को भ्रमित करने से बाज आए। श्री ठाकुर ने कहा कि अन्य प्रदेशों से धान की तस्करी को रोकने की दिशा में साय सरकार सटीक रणनीति के साथ काम कर रही है। कांग्रेस भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देना बन्द करे।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के किसानों का धान मोदी की गांरटी के तहत 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी कर रही है। यहाँ एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में गुरुवार को आहूत संवाददाता सम्मेलन का संबोधित करते हुए श्री ठाकुर ने कहा कि धान खरीदी में किसानों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो, इसके लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। श्री ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के लगभग 27,43,135 किसानों ने धान बेचने के लिए अपना पंजीयन कराया है वहीं लगभग 21,31,843 किसान अब तक अपना धान बेच चुके हैं। समर्थन मूल्य पर प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 31सौ रुपये प्रति क्विंटल की दर पर खरीदी की जा रही है, जो कि देश में सबसे अधिक मूल्य है। खरीफ वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर 149 लाख मीट्रिक टन धान की रिकॉर्ड खरीदी की गई, वहीं इस वर्ष प्रदेश की साय सरकार अब तक 116 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी कर चुकी है। श्री ठाकुर ने कहा कि किसानों को लगभग 27,414 करोड़ रुपए भुगतान कर दिया गया है। धान खरीदी का यह अभियान 31 जनवरी 2026 तक चलेगा।
भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि किसानों को धान विक्रय में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इस पर विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री श्री साय ने किसानों के धान विक्रय हेतु उपार्जन केंद्रों में दी जाने वाली सभी आवश्यक सुविधाएं सुदृढ़ करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए सभी जिलों में कलेक्टरों के मार्गदर्शन में सहकारिता, मार्कफेड एवं खाद्य विभाग द्वारा लगभग सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ की गई है। इस वर्ष 2740 उपार्जन केंद्रों से धान की खरीदी की जा रही है।
इस दौरान पत्रकार वार्ता में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर एवं किसान मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी वैभव वैष्णव बैरागी भी मौजूद रहे।
cg24
