State News
पूर्व मुख्यमंत्री के गृह जिले में… भाजपा का किसान महापंचायत आज… पुलिस ने बदल दी निर्धारित जगह… अब बवाल 18-Dec-2020
कवर्धा। पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह के गृह जिले कवर्धा सहित पूरे प्रदेश में भाजपा आज किसान महापंचायत का आयोजन कर रही है। कवर्धा में पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह भी शामिल होने वाले हैं। उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने आयोजन के लिए गांधी मैदान का प्रस्ताव जिला प्रशासन को दिया था, जिस पर सहमति मिल गई थी, लेकिन अचानक निरस्त करते हुए भाजपा को अपना आयोजन राजीव पार्क में करने कह दिया गया। इस बात को लेकर अब विवाद हो गया है। जबकि भाजपा अपनी पूरी तैयारी कर चुकी है। 16 दिसंबर को मिली थी अनुमति भाजपा के जिला मंत्री दुर्गेश ठाकुर ने बताया, उन्होंने 14 दिसम्बर को लिखित आवेदन देकर गांधी मैदान कवर्धा में आयोजन की अनुमति मांगी थी। 16 दिसम्बर को एसडीएम ने पूर्व निर्धारित शर्तों के साथ लिखित अनुमति जारी कर दिया। नगर पालिका परिषद में आयोजन के लिए निर्धारित 3 हजार रुपए का शुल्क भी अदा कर दिया गया। संगठन सभा की तैयारियों में लग गया। अचानक पता नहीं क्या हुआ कि 17 दिसम्बर की सुबह प्रशासन की टीम सुबह पार्टी के जिला कार्यालय पहुंची और पुरानी अनुमति निरस्त कर आयोजन स्थल राजीव पार्क करने का पत्र गेट पर चस्पा कर चले गए। पूर्व सीएम की सुरक्षा का दिया हवाला भाजपा नेताओं का आरोप है, अब कोई अधिकारी उनका फोन नहीं उठा रहा है। भाजपा नेताओं का कहना है, इस आयोजन में पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह भी शामिल हो रहे हैं। उनकी सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए गांधी मैदान मांगा गया था। राजीव गांधी पार्क छोटा है और उसमें प्रवेश और निकासी के लिए एक ही गेट है। ऐसे में सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। कवर्धा कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने कहा, शहर में धरना-प्रदर्शन और राजनीतिक आयोजनों के लिए पहले से राजीव गांधी पार्क तय है। अभी वहां कोई आयोजन नहीं हो रहा है, इसलिए भाजपा को वहां सभा करने की अनुमति दी गई है। बताया जा रहा है, कवर्धा के मुख्य बाजार के पास गांधी पार्क में राजनीतिक आयोजन पिछले पांच वर्षों से बंद थे। उसके पीछे भी तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह की सुरक्षा को ही बताया गया था। इसी पार्क के पास डॉ. रमन सिंह का घर है। प्रशासन का तर्क था, यहां भीड़ होने से मुख्यमंत्री की सुरक्षा प्रभावित होगी।


RELATED NEWS
Leave a Comment.