State News
BREAKING NEWS : पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी को ‘शो—कॉज’ नोटिस, सात दिनों के भीतर मांगा गया जवाब, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की चेतावनी 25-Nov-2021
देश के विभिन्न राज्यों में विधानसभा चुनावों को लेकर अभी से रस्साकशी का दौर शुरु हो गया है, तो वहीं राजनीतिक द्वंद भी नजर आने लगा है। खासतौर पर कांग्रेस शासित प्रदेशों में इस तरह की गतिविधियां कुछ ज्यादा ही उभरकर सामने आ रही है। अब प्रदेश प्रभारी ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी और पटियाला से सांसद परनीत कौर को ‘शो—कॉज’ नोटिस जारी कर हड़कंप मचा दिया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों का हवाला पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है, ‘कई दिनों से हमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं, विधायकों, पटियाला के नेताओं से और मीडिया के माध्यम से आपकी (परनीत कौर) पार्टी विरोधी गतिविधियों की जानकारी मिल रही है।’ नोटिस में आगे लिखा गया है, ”यह जानकारी ऐसे समय में मिल रही है जब आपके पति कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस बनाई है। आप मीडिया के सामने पति की पार्टी के साथ रहने की बात कह चुकी हैं। इसलिए आप अपनी स्थिति अगले 7 दिनों के भीतर स्पष्ट कर दीजिए। नहीं तो पार्टी आप पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को मजबूर हो जाएगी।” बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नवजोत सिंह सिद्धू के साथ सत्ता संघर्ष के बीच सितंबर के महीने में पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उनकी जगह चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री चुना गया था। अमरिंदर सिंह ने बाद में कांग्रेस की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था और पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी बनाने की घोषणा की। अमरिंदर सिंह ने कहा है कि वह 2022 के विधानसभा चुनाव में पटियाला सीट से मैदान में उतरेंगे। पटियाला विधानसभा सीट पूर्व मुख्यमंत्री का पारिवारिक गढ़ रही है। उन्होंने चार बार 2002, 2007, 2012 और 2017 में इस सीट पर जीत हासिल की थी।


RELATED NEWS
Leave a Comment.