National News
मैराथन के जरिए महिला सशक्तीकरण का संदेश देगी कांग्रेस, विजेता को मिलेगी स्कूटी 24-Dec-2021
लखनऊ । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को सशक्तीकरण का संदेश देने के लिए काग्रेस पार्टी प्रदेश में मैराथन प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है। `लड़की हूं लड़ सकती हूं` का नारा देने वाली कांग्रेस पार्टी 26 दिसंबर 2021 को राजधानी और झांसी में महिलाओं के लिए इसी नाम से मैराथन का आयोजन करेगी। इससे पहले कांग्रेस ने 19 दिसंबर को मेरठ में मैराथन का आयोजन किया था। उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस के मध्य जोन की अध्यक्ष ममता चौधरी ने बताया कि महिलाओं को सशक्तीकरण का संदेश देने के लिए पार्टी प्रदेश में मैराथन प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है। लखनऊ में 26 को आयोजित की जाने वाली `लड़की हूं लड़ सकती हूं` मैराथन सुबह आठ बजे 1090 चौराहे से शुरू होगी। पांच किलोमीटर लंबी यह दौड़ 1090 चौराहे पर ही खत्म होगी। इसमें 16 वर्ष या इससे ज्यादा उम्र की महिलाएं भाग ले सकती हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद राजीव शुक्ला और टेलीविजन एंकर मंदिरा बेदी हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना करेंगे। मैराथन में भाग लेने की इच्छुक महिलाएं इसके लिए आनलाइन या आफलाइन पंजीकरण करा सकती हैं। आनलाइन पंजीकरण के लिए इंटरनेट पर गूगल या उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पेज पर लिंक मिलेगा। आफलाइन पंजीकरण के लिए फार्म उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय से लिए जा सकते हैं। मैराथन में पहले तीन स्थान पाने वाली महिलाओं को एक-एक स्कूटी पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी। चौथे से लेकर 25वां स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को स्मार्ट फोन दिए जाएंगे। इसके बाद अगले 100 स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को फिटनेस बैंड देकर पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतिभागियों को मेडल और सर्टिफिकेट भी प्रदान किए जाएंगे।


RELATED NEWS
Leave a Comment.