State News
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे, बांस और सब्बल से हमला…14 लोग घायल 12-Jul-2022
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडे, बांस और सब्बल से हमला कर दिया। हमले में 14 लोग घायल हुए हैं, जिसमें कुछ लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। दोनों पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे को गांव की गलियों और सड़क में दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना पिपरिया थाना क्षेत्र की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह धरमपुरा गांव के गाय चराने और गोठान बनाने के नाम पर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा की लोग अपने-अपने घरों से लाठी-डंडा, बांस और सब्बल लेकर आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया। एक-दूसरे पर लोग टूट पड़े। सड़क और गलियों में दौड़ा-दौड़कर एक-दूसरे पर मारपीट करते रहे। दहशत की वजह से कोई बीच-बचाव करने भी नहीं आया, लोग घरों में दुबके रहे। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। एम्बुलेंस से घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। एएसपी मनीषा ठाकुर ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में गाय चराने और गोठान को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद का पता चला है। दोनों परिवारों के बीच पहले भी विवाद की बातें सामने आई है। एक पक्ष से 6 और दूसरे पक्ष से 8 लोग घायल हैं। गांव में स्थिति अभी शांत है फिर भी अप्रिय स्थिति न बने इसलिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज किया गया है। घायलों के स्वास्थ्य में सुधार होने पर पूछताछ की जाएगी। गांव के सरपंच से भी जानकारी जानकारी मांगी गई है। पुलिस घटना स्थल से लगे घरों के ग्रामीणों से भी पूछताछ करेगी।


RELATED NEWS
Leave a Comment.