State News
दशहरा में पहली बार होगा लेजर शो, आतिशबाजी भी होगी 02-Oct-2022

इस वर्ष पहली बार दशहरा में लेजर शो का आयोजन होगा - 

बैंगलोर से आ रही है लेजर शो टीम 

दशहरा पर कांकेर में पहली बार होगा लेजर शो, आतिशबाजी भी होगी

कांकेर। शहर में दशहरा पर्व पर 5 अक्टूबर को रावण दहन का आयोजन नरहरदेव मैदान में किया जाता है। अब तक रावण दहन कार्यक्रम में भव्य अातिशबाजी के साथ रामलीला मंडली राम रावण युद्ध प्रसंग करती थी। इस वर्ष पहली बार उक्त दोनों कार्यक्रमों के साथ लेजर शो का आयोजन होगा। लेजर शो के लिए बैंगलोर की कंपनी कांकेर पहुंच रही है।

दशहरा पर मुख्य कार्यक्रम शहर के नरहरदेव मैदान में होगा। मैदान में कार्यक्रम की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही है। दशहरा कार्यक्रम का आयोजन गढ़िया महोत्सव आयोजन समिती तथा नगर पालिका द्वारा किया जाता है। गढ़िया महोत्सव आयोजन समिती अध्यक्ष विधायक कांकेर शिशुपाल शोरी तथा कलेक्टर डा प्रियंका शुक्ला ने आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टोरेट में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में लोक निर्माण विभाग को मैदान में बेरिकेटिंग लगाने की जिम्मेदारी दी गई। वनविभाग को बैरिकेटिंग करने बांस बल्ली उपलब्ध कराने का जिम्मा दिया गया। नगर पालिका को मैदान में विधुतीकरण तथा साफ सफाई की जिम्मेदारी दी गई। विधुत विभाग को मैदान में बिजली कनेक्शन देने का जिम्मा दिया गया। पुलिस को मैदान में यातायात के प्रबंध तथा सुरक्षा का जिम्मा दिया गया। नरहरदेव मैदान में इस वर्ष रावण के साथ मेघनाथ तथा कुंभकरण के भी पुतलों का दहन किया जाएगा। इस बार रावण का पुतला 50 फीट ऊंचा बनाया जा रहा है। इसके अलावा मेघनाथ तथा कुंभकरण के पुतले 30-30 फीट के बनाए जा रहे हैं।

बैंगलोर से आ रही लेजर शो करने टीम

दशहरा कार्यक्रम में लेजर शो करने बैंगलोर से टीम आ रही है। लेजर शो में राम रावण युद्ध प्रसंग के बाद आकाश में एरियल शो होगा। लेजर शो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होगा। दशहरा में उमड़ने वाली भारी भीड़ के चलते पार्किंग के प्रबंध नरहरदेव मैदान के पास फायर ब्रिगेड परिसर तथा पुराने कन्या कालेज मैदान में होंगे। मैदान में आने दोनो गेटों से एंट्री दी जाएगी ताकी आसानी से लोग मैदान में पहुंच सकें।

कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा

रविवार को कलेक्टर डा प्रियंका शुक्ला ने कार्यक्रम स्थल नरहरदेव मैदान में चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर एडीएम एस अहिरवार, एसडीएम धनंजय नेताम, टीआई शरद दुबे, सीएमओ नगर पालिका दिनेश यादव, एसडीओ लोनिवि विगनेश कुमार, रेंजर संदीप सिंह तथा विधुत विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।



RELATED NEWS
Leave a Comment.