Rajdhani
त्रिपुरा का राज्यपाल बनना पूरे छत्तीसगढ़ का सम्मान: रमेश बैस 25-Sep-2019

रायपुर। रायपुर नगर निगम द्वारा मंगलवार की शाम को त्रिपुरा के राज्यपाल रमेश बैस का शहीद स्मारक भवन में अभिनंदन किया गया। रमेश बैश ने राजनीति की शुरुआत पार्षद चुनाव से की थी। आज वे त्रिपुरा के राज्यपाल के रूप मे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति में ईमानदारी जरूरी है। दलगत राजनीति से दूर रहकर जनप्रतिनिधि आम जनता की बातें सुनें और उनकी शिकायतों का निदान करें। बैस ने कहा कि वर्ष 1978 में रायपुर नगर निगम का गठन हुआ। उसके बाद निगम का चुनाव हुआ और वह 1978 के चुनाव में वे पहली बार पार्षद चुने गए। उसके बाद विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और अब राज्यपाल बनाए गए हैं। उन्होंने अपने पार्षद कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि निगम में हम लोग पार्टी के बारे में नहीं सोचते थे। शहर के विकास की बात पर सब एक होकर अपने-अपने वार्ड का विकास कार्य करते थे। उन्होंने कहा कि सच्चाई और ईमानदारी कुछ पल के लिए तकलीफ देती है, लेकिन अंत में जीत उसी की होती है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए जनता का दिल जीतना जरूरी है। रायपुर के पहले महापौर स्वरूप चंद जैन, महापौर प्रमोद दुबे, विधायक कुलदीप जुनेजा, निगम के सभापति प्रफुल्ल विश्वकर्मा, नेता प्रतिपक्ष सूर्यकांत राठौर ने भी सभा को संबोधित किया। विधायक विकास उपाध्याय भी मौजूद थे। जैन के समय ही बैस पार्षद निर्वाचित हुए थे। उस कार्यकाल के समय के सभापति अब्दुल हमीद और इकबाल अहमद रिजवी, पार्षद बाबू भाई पिथालिया, सुभाष शर्मा, इंदरचंद धाड़ीवाल, उनके बाद के कार्यकाल समेत वर्तमान कार्यकाल के पार्षद, निगम आयुक्त शिव अनंत तायल तथा अधिकारी कर्मचारी गण और आम नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद थे।



RELATED NEWS
Leave a Comment.