Top Story
भारतीय जनता पार्टी व कांग्रेस पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की चुटकी -- 12-Mar-2019
देश के दुश्मनों को सम्मान सूचक शब्द से संबोधित करना भाजपा और कांग्रेस के नेताओं की मानसिक विकृति को दर्शाता है - संजीव अग्रवाल जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रवक्ता व मीडिया समन्वयक संजीव अग्रवाल ने राजनीति में भाषा के संयम पर सवाल उठाते हुए दोनों ही पार्टियों, भारतीय जनता पार्टी व कांग्रेस पार्टी पर चुटकी लेते हुए कहा है कि लगता है कि दोनों ही पार्टियों के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को भारत के दुश्मनों और आतंकवादियों के प्रति कुछ विशेष लगाव है, क्योंकि जिस प्रकार कल कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश के दुश्मन आतंकवादी के नाम के पीछे ‘जी’ लगाकर संबोधित किया है वह बहुत ही निंदनीय है। संजीव अग्रवाल ने कहा कि न सिर्फ राहुल गांधी बल्कि कांग्रेस पार्टी के और भी नेता जैसे दिग्विजय सिंह, मणिशंकर अय्यर, शशि थरूर जैसे नेता भी आतंकवादियों और पाकिस्तानी दुश्मनों को सम्मान सूचक शब्दों से संबोधित करते हैं और वहां जाकर अपने ही देश की बुराई करते हैं। संजीव अग्रवाल ने कहा कि यह बीमारी केवल कांग्रेस पार्टी के नेताओं को ही नहीं है बल्कि अपने आप को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी कहने वाली भारतीय जनता पार्टी में भी प्रायः पाई गई है। जैसे भूतकाल में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ मुरली मनोहर जोशी और मौजूदा केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भी पाकिस्तानी आतंकवादियों को सम्मान सूचक शब्दों से संबोधित किया है इससे यह साबित होता है कि इन पार्टियों के नेताओं को हमारे देश के सम्मान से कोई लेना देना नहीं। ये लोग केवल और केवल किसी भी रूप में, किसी भी परिस्थिति में राजनीति करना जानते है। इन्हें केवल अपनी राजनीतिक रोटियाँ सेंकने और मीडिया में बने रहने से मतलब है, जो कि बेहद ही निंदनीय और अशोभनीय है। संजीव अग्रवाल ने आगे याचना करते हुए कहा है कि उच्चतम न्यायालय और राष्ट्रपति को इस विषय को जल्दी संज्ञान लेना चाहिए और ऐसे नेताओं पर उचित कार्रवाई करते हुए देश के सामने एक उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए कि देश के दुश्मनों के प्रति कैसा व्यवहार होना चाहिए, ताकि कोई भी व्यक्ति ऐसी हिमाकत न कर पाए। -- CG 24 News के लिये लविंदरपाल की रिपोर्ट


RELATED NEWS
Leave a Comment.