मोर दुवार, साय सरकार के तहत विधायक श्री नेताम ने किया पोटगांव में सर्वे

मोर दुवार, साय सरकार के तहत विधायक श्री नेताम ने किया पोटगांव में सर्वे
प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्र परिवारों को जोड़ने प्रदेश भर में आवास प्लस 2.0 “मोर दुवार साय सरकार“ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज कांकेर विधायक  आशाराम नेताम ने ग्राम पंचायत पोटगांव का मोर दुवार साय सरकार अंतर्गत आवास सर्वे किया। उन्होंने छूटे हुए पात्र परिवारों का नाम 30 अप्रैल तक सर्वे सूची में जोड़ने तथा सर्वे का कार्य पूर्ण करने के लिए सचिव एवं रोजगार सहायक को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रां में आवास प्लस मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से पात्र परिवारों का सर्वे किया जा रहा है। साथ ही सभी ग्रामवासियों को आवास प्लस में छूटे हुए पात्र परिवारों का नाम जोड़ने हेतु सर्वे में सहयोग करने की भी बात कही। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, जनपद सदस्य  पंचू राम नायक,  मिथलेश मंडावी, नितेश कुमार सलाम, अशोक कुमार कचलाम एवं सरपंच श्रीमती देवकुमारी मंडावी उपस्थित रहे।
आवास प्लस हेतु पात्रता शर्तेंः-
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण आवास प्लस 2.0 के तहत सर्वे हेतु पात्र हितग्राही के पास मोटरयुक्त तिपहिया एवं चौपहिया वाहन नहीं होना चाहिए। मशीनीकृत तिपहिया, चौपहिया कृषि उपकरण न हो, हितग्राही के पास 50 हजार अथवा इससे अधिक ऋण सीमा वाले किसान क्रेडिट कार्ड न हो। इसके अलावा वे परिवार जिनका कोई सदस्य सरकारी कर्मचारी न हो तथा सरकार के पास पंजीकृत गैर-कृषि उद्यम वाले परिवार न हो। ऐसे परिवार जिनका कोई सदस्य 15 हजार रूपए से अधिक प्रतिमाह न कमा रहा हो, आयकर एवं व्यवसाय कर देने वाले परिवार न हो। जिनके पास  2.5 एकड़ या इससे अधिक सिंचित भूमि न हो तथा 05 एकड़ या इससे अधिक असिंचित भूमि न हो। ऐसे हितग्राहियों को इस योजना से लाभान्वित किया जाएगा।
क्रमांक/349/सिन्हा



समाचार
सामान्य सभा की बैठक तिथि संशोधित, अब 23 को होगी बैठक
जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक 22 अप्रैल को जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी की अध्यक्षता में अपरान्ह 02 बजे से जिला पंचायत के सभाकक्ष में नियत की गई थी। उक्त तिथि को आयोजित बैठक को अपरिहार्य कारणों से संशोधित करते हुए अब 23 अप्रैल बुधवार को पूर्वान्ह 11 बजे से जिला पंचायत के सभा कक्ष में आयोजन किया जाएगा। जिला पंचायत के सीईओ  हरेश मंडावी ने सर्वसंबंधित विभागीय अधिकारियों को एजेण्डावार अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित रहने कहा है।
क्रमांक/350/सिन्हा

समाचार
प्रयास विद्यालय में प्रवेश हेतु जिले के 3,345 परीक्षार्थी हुए सम्मिलित
मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत जिले में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा का आयोजन 20 अप्रैल दिन रविवार को किया गया, जिसमें जिले के सभी विकासखण्डों के कुल 03 हजार 345 परीक्षार्थी चयन परीक्षा में सम्मिलित हुए। इसके लिए कुल 03 हजार 958 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 613 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। आदिवासी विकास के सहायक आयुक्त ने बताया कि परीक्षा को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए जिले में 15 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे। प्राक्चयन परीक्षा के आयोजन संबंधी प्रशासनिक व्यवस्था हेतु डिप्टी कलेक्टर  टी.आर. देवांगन को जिला नोडल अधिकारी तथा विकासखण्ड स्तर पर निर्धारित परीक्षा केन्द्रों के लिए संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार को प्रेक्षक नियुक्त किया गया था।