आमजन के दुख-दर्द दूर करने व जनसमस्याओं के निराकरण हेतु कटिबद्ध है प्रदेश सरकार -उद्योग मंत्री
आमजन के दुख-दर्द दूर करने व जनसमस्याओं के निराकरण हेतु कटिबद्ध है प्रदेश सरकार -उद्योग मंत्री
(उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन पहुंचे पं.रविशंकर शुक्लनगर समाधान, शिविर का किया निरीक्षण, मांग शिकायत व समस्याओं से जुडे़ आवेदनों के निराकरण की ली जानकारी)
(महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत, सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, निगम की मेयर इन काउंसिल के सदस्य व पार्षदगण सहित जनप्रतिनिधियों ने दी समाधान शिविर में अपनी गरिमामयी उपस्थिति)
कोरबा 19 मई 2025 - उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने आज कहा कि आमजनता विशेषकर समाज के अंतिम छोर तक खडे़ व गरीब निर्धन व्यक्ति के दुख-दर्द को दूर करने एवं जनसमस्याओं के निराकरण के लिए प्रदेश सरकार पूर्ण रूप से कटिबद्ध है और समूचे प्रदेश में चलाया जा रहा सुशासन तिहार इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ में सुशासन स्थापित करने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सरकार पूरी इच्छाशक्ति के साथ कार्य कर रही है, इसी कड़ी में राज्य के ग्रामीण व शहरी सभी क्षेत्रों में एक साथ सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है।
यहॉं उल्लेखनीय है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशों के अनुरूप सम्पूर्ण छत्तीसढ़ राज्य व कोरबा जिले के साथ-साथ नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में भी सुशासन तिहार-2025 का आयोजन किया जा रहा है, आयोजन के तीसरे चरण में समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज नगर पालिक निगम कोरबा के पं.रविशंकर नगर जोन कार्यालय में समाधान शिविर का आयोजन किया गया, शिविर में नगर पालिक निगम कोरबा के विभिन्न विभागों निर्माण, जल प्रदाय, विद्युत, प्रधानमंत्री आवास योजना, सम्पत्तिकर, संपदा, अतिक्रमण, स्थापना, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, सहित जिले के विभिन्न विभागों यथा राजस्व विभाग, श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, वन विभाग, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, खाद्य विभाग, कृषि विभाग, मत्स्य विभाग, शिक्षा विभाग, आदिवासी विकास विभाग, कौशल विकास योजना सहित अन्य विभागों के स्टाल लगाए गए थे, जिनके माध्यम से आमनागरिकों द्वारा प्रस्तुत किए गए विभिन्न शिकायतों, समस्याओं व मांगों से संबंधित आवेदनों के निराकरण की जानकारी प्रदान की गई। उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने शिविर में पहुंचकर वहॉं पर स्थापित विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया तथा आमजन द्वारा प्रस्तुत मांग, शिकायत व समस्या संबंधी आवेदनों के विभागवार निराकरण की स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियां को दिए। मंत्री श्री देवांगन ने अपने उद्बोधन में आगे कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय स्वयं इन शिविरों में पहुंच रहे हैं, साथ ही किसी भी गांव, बस्ती में जाकर पेड़ के नीचे बैठकर लोगों के दुख-दर्द व समस्याओं की जानकारी लेकर उसके त्वरित निराकरण के निर्देश दे रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री साय इस बात की लगातार समीक्षा कर रहे हैं कि सुशासन तिहार में प्रस्तुत की गई शिकायतों व समस्याओं का वास्तुविक रूप से गुणवत्तापूर्ण निराकरण हुआ है या नहीं। इस मौके पर उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने वार्ड क्र. 28 निवासी सोनी, वार्ड क्र. 30 निवासी वैशाली चौहान, इंदू देवी, शाहीन रजा, समा परबीन व वार्ड क्र. 30 आरती चौहान को राशन कार्ड प्रदान किए। समाधान शिविर में निगम के प्रभारी आयुक्त श्री विनय मिश्रा ने सुशासन तिहार-2025 के संबंध में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा प्राप्त मांग, शिकायत व समस्याओं के निराकरण के संबंध में जानकारी प्रस्तुत की।
सरकार की जनहितैषी सोच का परिणाम है सुशासन तिहार
cg24
