छायाचित्र प्रदर्शनी का सासंद श्री नाग ने किया शुभारंभ

छायाचित्र प्रदर्शनी का सासंद श्री नाग ने किया शुभारंभ
आदि सेवा पर्व और सेवा पखवाड़ा पर आधारित
छायाचित्र प्रदर्शनी का सासंद श्री नाग ने किया शुभारंभ
प्रधानमंत्री के जीवन की प्रेरणादायक यात्रा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक - सासंद श्री नाग

 आदि सेवा पर्व और सेवा पखवाड़ा के अवसर पर कलेक्टोरेट परिसर कांकेर में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग और विशिष्ट अतिथि के रूप में कांकेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक  आशाराम नेताम द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, नगरपालिका कांकेर के अध्यक्ष  अरुण कौशिक सहित कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर और जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी भी मौजूद थे। सभी अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा इसकी सराहना की। इस दौरान अतिथियों को जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित कांकेर जिले के विकास और गतिविधियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक और मासिक पत्रिका जनमन की प्रतियां दी गई।
छायाचित्र प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री  मोदी जी की विकसित भारत की संकल्पना, सेवा कार्यों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प और उनके जीवन की प्रेरणादायक यात्रा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में श्री मोदी के बचपन, उनकी शिक्षा, देशभक्ति, तथा प्रधानमंत्री के रूप में उनके द्वारा किए गए महत्वपूर्ण कार्यों की झलक को सजीव चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है।
छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए सांसद श्री नाग ने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल एक दृश्य प्रस्तुति नहीं है, बल्कि यह विकसित भारत की परिकल्पना की नींव है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है और इसके लिए हर नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने इस प्रदर्शनी को केंद्र सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं और विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक सार्थक पहल बताया। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री श्री मोदी के दृढ़ संकल्पों, मजबूत फैसलों और एक राष्ट्र, एक लक्ष्य की झलक दिखाई देती है। उनके बचपन से आज तक के सफर को फोटो के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में मोदी जी के जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को खूबसूरती से उकेरा गया है, जैसे उनका बचपन, देशभक्ति की भावना, उनके संघर्षों की कहानी, मुख्यमंत्री और फिर प्रधानमंत्री बनने की यात्रा और उनके द्वारा देश के विकास के लिए उठाए गए कदम। उपलब्धियों में डिजिटल हुई पहचान, डिजिटल से भुगतान, छत्तीसगढ़ को मिली सौगात, शिक्षा का एक नया अध्याय, एक पेड़ मां के नाम, जल शक्ति, आतंकवाद का मुंह तोड़ जवाब, अंतरिक्ष शक्ति, वर्षो का अंधेरा छटा घर-घर में सूरज उगा और हर गरीब के सिर पर हो अपनी छत जैसी महत्वपूर्ण उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, आम नागरिकों सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
जिला कार्यालय पहुंचे ग्राम बाबूकोहका के पुनित कोर्राम, जोहन सिंह नरेटी, झिपाटोला से नारद नेताम, गोलकुम्हडा से भानूसिंह जुर्री, मारवाड़ी से रमूला कुरेटी, कुमारी बाई, सिंगारभाट से सुमन उसेण्डी, दसपुर से रिकेश कोसरिया, सोनपुर से छन्नूराम मण्डावी, देवरीबालाजी से पिलूराम नेताम और सुधिर नेताम ने भी छयाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया, उन्हें मासिक पत्रिका जनमन का वितरण भी किया गया।