नाग पंचमी पर 79 वर्षों से छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पुरुष एवं महिला कुश्ती प्रतियोगिता का लगातार आयोजन अपने आप में एक गौरवपूर्ण उपलब्धि : छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज
नाग पंचमी पर 79 वर्षों से छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पुरुष एवं महिला कुश्ती प्रतियोगिता का लगातार आयोजन अपने आप में एक गौरवपूर्ण उपलब्धि : छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज

रायपुर। नाग पंचमी के पावन अवसर पर श्री शंकर मंदिर सेवा समिति, शुक्रवारी बाजार रायपुर द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पुरुष एवं महिला कुश्ती प्रतियोगिता ने खेल, परंपरा और सामाजिक एकजुटता की गौरवशाली मिसाल कायम की। इस वर्ष प्रतियोगिता के 79वें वर्ष में प्रवेश करने पर छत्तीसगढ़ सिख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा के साथ स्वर्ण सिंह चावला, मनजीत सिंह भाटिया, अमरीक सिंह सूर एवं जसप्रीत सिंह चावला ने श्री शंकर मंदिर सेवा समिति के सभी पदाधिकारियों को इस ऐतिहासिक आयोजन की निरंतरता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

श्री शंकर मंदिर सेवा समिति शुक्रवारी बाजार गुढ़ियारी रायपुर के पदाधिकारियों ने छत्तीसगढ़ सिख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा का शॉल पहनाकर अभिनंदन किया |
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सिख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने कुश्ती प्रतियोगिता में शामिल पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कुश्ती केवल एक खेल नहीं, बल्कि हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति, शारीरिक क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्षशीलता का प्रतीक है। नाग पंचमी के अवसर पर वर्षों से कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन हमारी सांस्कृतिक और खेल परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक दौर में जब युवा विभिन्न प्रकार के डिजिटल माध्यमों में अधिक समय व्यतीत कर रहे हैं, ऐसे आयोजन युवाओं को खेल मैदान से जोड़ने और उनमें शारीरिक फिटनेस, अनुशासन तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 79 वर्षों से इस प्रतियोगिता का लगातार आयोजन अपने आप में एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है, जो आयोजन समिति की खेल एवं समाज के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पुरुष एवं महिला पहलवानों की हौसला अफजाई की तथा विजेता पहलवान को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि महिला पहलवानों की बढ़ती भागीदारी खेलों में बेटियों की मजबूत उपस्थिति और बदलते सामाजिक परिवेश का सकारात्मक संदेश है।
छत्तीसगढ़ सिख समाज की टीम के अमृत सिंह सूर श्री शंकर मंदिर सेवा समिति के संयोजक हैं। उनके मार्गदर्शन एवं समिति के पदाधिकारियों के प्रयासों से इस ऐतिहासिक कुश्ती प्रतियोगिता की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ सिख समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि नाग पंचमी के अवसर पर होने वाली यह कुश्ती प्रतियोगिता खेल और संस्कृति के सुंदर संगम का प्रतीक है तथा आने वाली पीढ़ियों को अपनी पारंपरिक खेल विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने आयोजन समिति को भविष्य में भी इस गौरवशाली परंपरा को और भव्य रूप से आगे बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं।


