उत्कृष्ट योगदान देने वाले 13 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार से हुए सम्मानित।*
*सराहनीय सेवा का सम्मान: यातायात प्रबंधन के साथ-साथ अपराध नियंत्रण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 13 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला ने प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार से किया सम्मानित।*
*यातायात स्टाफ की सूचना पर मादक पदार्थों की हुई जब्ती: 28 किलोग्राम गांजा ले जा रहे एक महिला व पुरुष आरोपी को दबोचकर भेजा गया जेल।*
*सजगता से बरामदगी: चेकिंग के दौरान संदिग्ध व चोरी के तीन दोपहिया वाहन बरामद, आरोपियों की धरपकड़ जारी।*
*चोरी पर प्रहार: ई-रिक्शा चोरी कर भाग रहे दो शातिर आरोपियों को घेराबंदी कर मौके पर पकड़ा।*
*रावणभांटा दशहरा मैदान में भीड़ का लाभ उठाकर चोरी करने वाले पॉकेटमार को रंगे हाथों पकड़ा ।*

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ अपराधों की रोकथाम व अपराधियों की धरपकड़ में तत्परता दिखाने वाले यातायात पुलिस के 13 अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला (भा॰पु ॰से॰) द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। यातायात पुलिस के जवान अपने नियमित कर्तव्यों के साथ-साथ क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निरंतर पैनी नजर बनाए हुए हैं। इसी मुस्तैदी के चलते विगत एक सप्ताह के भीतर विभिन्न 06 मामलों में अपराधियों को पकड़ने एवं चोरी का सामान बरामद करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई।
उत्कृष्ट कार्यों का विवरण:
*प्रकरण 01 (मादक पदार्थ जब्ती):*
दिनांक 15.10.2026 को यातायात थाना पचपेड़ी नाका में पदस्थ आरक्षक दबीर खान (क्र. 2574) को इस्कॉन मंदिर के पास संदिग्ध अवस्था में बैग लिए खड़े एक पुरुष व महिला की सूचना मिली। तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करने पर उनके तीन बैगों से लगभग 28 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आमानाका थाना पुलिस को सूचित कर दोनों आरोपियों को उनके हवाले किया गया, जहां उनके विरुद्ध कार्यवाही कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
*प्रकरण 02 (चोरी की मोटरसाइकिल बरामद):*
दिनांक 15.10.2026 को यातायात थाना तेलीबांधा में तैनात आरक्षक नंदन झा (क्र. 191) एवं आरक्षक संजय पाण्डेय (क्र. 1284) ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध हुलिए वाले एक चालक को रुकने का निर्देश दिया। चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वाहन रिकॉर्ड की पड़ताल करने पर पता चला कि उक्त दोपहिया वाहन डोंगरगांव से चोरी हुआ था (एफआईआर दिनांक 11.10.2026)। वाहन को थाना तेलीबांधा के सुपुर्द कर वाहन स्वामी को सूचित किया गया।
*प्रकरण 03 (फर्जी नंबर प्लेट वाहन जब्त):*
दिनांक 17.10.2026 को पचपेड़ी नाका चौक पर तैनात सउनि दीपेश सिन्हा एवं आरक्षक नरसिंह देहरी (आर क्र. 28) ने संदिग्ध नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल (CG 04 DD 8292) को रोका। वैध दस्तावेज न दिखा पाने पर चालक बहाना बनाकर भाग निकला। चेचिस नंबर की जांच में वाहन राखी थाना (नया रायपुर) से चोरी होना पाया गया (अपराध क्र. 0124/2026, धारा 303(2) BNS)। वाहन को अग्रिम कार्रवाई हेतु सुरक्षित जप्त कर रखी थाना को सुपुर्द किया गया।
*प्रकरण 04 (ई-रिक्शा चोर रंगे हाथों गिरफ्तार):*
दिनांक 18.10.2026 की रात्रि करीब 10:20 बजे रेलवे स्टेशन गेट नंबर 02 के पास तैनात आरक्षक डी. सीमांचल (क्र. 218), सैनिक अशोक शर्मा (क्र. 135) एवं नव आरक्षक अंकित मिंज (क्र. 1793) को प्रार्थी ने ई-रिक्शा (CG 04 NY 0616) चोरी होने की सूचना दी। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और संजय गांधी चौक के पास से चोरी का ई-रिक्शा ले जा रहे दो आरोपियों—अमर कुमार बेहरा एवं अजय टांडी (निवासी टिकरापारा)—को पकड़ा । आरोपियों व वाहन को वैधानिक कार्रवाई हेतु थाना गंज को सौंपा गया।
*प्रकरण 05 (बिना नंबर प्लेट की चोरी की बाइक बरामद):*
दिनांक 19.10.2026 को कमल विहार चौक पर तैनात उनि. अशोक तिवारी, प्रधान आरक्षक ओग्य प्रसाद मनहर (क्र. 1795) एवं आरक्षक प्रेमचंद देवदास (क्र. 2358) ने एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया। चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। चेचिस नंबर से तकनीकी जांच करने पर वाहन पलारी (बलौदाबाजार) निवासी का निकला, जो थाना टिकरापारा क्षेत्र से चोरी हुआ था जिसमे अप क्र ॰ 866/2025 धारा 303(2) बीएनएस दर्ज होना पाया गया।वाहन को जप्त कर अग्रिम कार्रवाई हेतु संबंधित थाने को सूचित किया गया।
*प्रकरण 06 (दशहरा मेले में पॉकेटमार गिरफ्तार):*
दिनांक 20.10.2026 को रावणभांटा दशहरा मैदान (बस स्टैंड गेट नंबर 01) में क्यूआरटी-4 में तैनात प्रधान आरक्षक कृपा शंकर सरोज (क्र. 863) एवं आरक्षक विशाल सोरी (क्र. 1955) ने आम नागरिकों से मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल व नकदी चोरी कर रहे एक पॉकेटमार को रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी को वैधानिक कार्रवाई हेतु थाना टिकरापारा की पेट्रोलिंग टीम को सौंपा गया।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला (भा॰पु ॰से ॰)ने सम्मानित कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, सजगता और त्वरित निर्णय क्षमता की प्रशंसा करते हुए कहा:
> "यातायात पुलिस का प्राथमिक दायित्व सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है, किंतु ड्यूटी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों को भांपकर अपराध की रोकथाम करना पुलिसिंग के उच्च मानकों को दर्शाता है। यह सजगता संपूर्ण पुलिस बल के लिए अनुकरणीय और प्रेरणादायी है।"
>
इस गरिमामय सम्मान समारोह में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर श्री अमित तुकाराम कांबले(भा॰पु ॰से॰), पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. अर्चना झा सहित यातायात पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।