देश की बागवानी में बहार से फलों, सब्जियों से लेकर फूलों तक हर क्षेत्र में बंपर बढ़ोतरी: शिवराज सिंह चौहान
नई दिल्ली। देश में इस साल कुल बागवानी पैदावार बढ़कर 3869.15 लाख टन होने की उम्मीद है। यह बीते वर्ष 2024-25 के 3707.38 लाख टन के मुकाबले 161.77 लाख टन यानी 4.36 प्रतिशत अधिक है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बागवानी फसलों के रकबे और पैदावार के तीसरे अग्रिम अनुमान मंगलवार को जारी करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और अन्य सरकारी एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर जारी इन आंकड़ों की सबसे खास बात यह है कि कम क्षेत्रफल में भी रिकॉर्ड पैदावार दर्ज की जा रही है। चौहान ने इस पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बागवानी क्षेत्र में यह अभूतपूर्व पैदावार देश के अन्नदाताओं की अथक मेहनत और सरकार की किसान-हितैषी नीतियों की वजह से हो सका है।
इस तीसरे अग्रिम अनुमान के मुताबिक वर्ष 2025-26 में बागवानी फसलों का कुल क्षेत्रफल लगभग 297.21 लाख हेक्टेयर रह सकता है, जबकि 2024-25 में यह 301.36 लाख हेक्टेयर था। इसके बावजूद फलों, सब्जियों, फूलों, रोपण फसलों और सुगंधित एवं औषधीय पौधों के पैदावार में जबरदस्त बढ़ोतरी का अनुमान आया है। बागवानी पैदावार के इन आंकड़ों के अनुसार केला, आम, पपीता, सेब, अनार और कटहल की अच्छी पैदावार के चलते फलों का कुल पैदावार वर्ष 2024-25 के 1176.49 लाख टन से 54.18 लाख टन (4.60 प्रतिशत) बढ़कर 2025-26 में 1230.66 लाख टन होने की उम्मीद है।
चौहान ने बताया कि सब्जियों के क्षेत्रफल में भी किसानों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। सब्जियों की खेती का रकबा 117.91 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 119.31 लाख हेक्टेयर होने का अनुमान है, वहीं पैदावार 2177.97 लाख टन से 4.35 प्रतिशत बढ़कर 2272.68 लाख टन तक पहुंच सकती है। मुख्य रूप से आलू, टमाटर, बैंगन, लौकी, खीरा, गोभी, फलियां और मटर के पैदावार में अच्छी बढ़ोतरी हुई है।
इसके अलावा आलू एवं टमाटर का रिकॉर्ड पैदावार होने की उम्मीद है। आलू का पैदावार पिछले वर्ष के 585.71 लाख टन की तुलना में 11.95 प्रतिशत बढ़कर 655.70 लाख टन होने का अनुमान है, जबकि टमाटर का पैदावार 205.99 लाख टन से बढ़कर 214.11 लाख टन रहने की उम्मीद है। इसके अलावा प्याज का पैदावार 288.96 लाख टन रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि फूलों, रोपण फसलों और सुगंधित एवं औषधीय पौधों में भी जोरदार उछाल देखने को मिला है। फूलों के पैदावार में लगभग 14.45 प्रतिशत की बड़ी वृद्धि के साथ इसके 42.65 लाख टन से बढ़कर 48.82 लाख टन रहने की संभावना है, वहीं फूलों के अंतर्गत खेती का रकबा भी बढ़कर 4.10 लाख हेक्टेयर हो गया है।
इस तीसरे अनुमान में रोपण फसलों जैसे सुपारी, नारियल, काजू, पान के पत्ते और कोको के रकबे व पैदावार दोनों में वृद्धि हुई है, जिससे इनका कुल पैदावार 7.56 प्रतिशत बढ़कर 182.64 लाख टन होने का अनुमान है। सुगंधित एवं औषधीय पौधों का पैदावार भी 9.01 लाख टन से बढ़कर 9.28 लाख टन होने की संभावना है। सुपारी एवं मसाला विकास निदेशालय के आंकड़ों के मुताबिक, हल्दी, लहसुन, करी पत्ता और इलायची की बेहतर पैदावार के दम पर वर्ष 2025-26 में मसालों का कुल रकबा 47.56 लाख हेक्टेयर और पैदावार 123.54 लाख टन होने की अपेक्षा है।
गौरतलब ह कि कृषि मंत्रालय एक कृषि वर्ष में बागवानी फसलों के क्षेत्रफल और पैदावार के कुल चार अनुमान तीन अग्रिम और एक अंतिम अनुमान जारी किए जाते हैं। सभी राज्यों और एजेंसियों से अंतिम आंकड़े मिलने के बाद कुल फसल की जानकारी अंतिम अनुमान में दी जाती है और इसे अगले वर्ष की शुरुआत में फरवरी या मार्च महीने में जारी किया जायेगा।
editor 
