100 करोड़ की हेरोइन जब्त, चार विदेशी नागरिकों समेत 26 तस्कर गिरफ्तार
नई दिल्ली - दिल्ली में नशे का कारोबार सिर्फ छोटे तस्करों और ड्रग पैडलरों तक सीमित नहीं है। इसके पीछे कच्चे माल की व्यवस्था, हेरोइन तैयार करने वाली फैक्ट्रियों और अलग-अलग राज्यों में फैले सप्लाई नेटवर्क का संगठित तंत्र काम कर रहा है। रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने पिछले छह महीने में इस नेटवर्क की कई परतें खोलते हुए करीब 100 करोड़ रुपये की 11.50 किलो हेरोइन जब्त की हैं। इस दौरान चार विदेशी नागरिकों समेत 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जांच में दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और मणिपुर तक फैले नेटवर्क के तार सामने आए हैं। DCP रोहिणी शशांक जायसवाल की निगरानी में स्पेशल स्टाफ ने अलग-अलग मामलों की जांच के दौरान नशे की सप्लाई के कई तरीके उजागर किए।
दिल्ली पहुंचाई जा रही थी नशे की खेप
कहीं दूसरे राज्यों से कच्चा माल लाकर हेरोइन तैयार की जा रही थी, तो कहीं फैक्ट्रियों में तैयार नशे की खेप दिल्ली पहुंचाई जा रही थी। इसके बाद बाइक और स्कूटी के जरिए छोटी-छोटी मात्रा में पैडलरों तक माल पहुंचाया जाता था।
हेरोइन की कीमत करीब 60 करोड़
रोहिणी स्पेशल स्टाफ ने हाल ही में झारखंड और उत्तर प्रदेश से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि झारखंड के चतरा से अफीम का कच्चा माल जुटाकर उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हेरोइन तैयार की जा रही थी। इसके बाद इसे दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई किया जाता था। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। लखनऊ स्थित फैक्ट्री से 6.275 किलो हेरोइन के अलावा रसायन और उपकरण बरामद हुए। पूरी कार्रवाई में 8.128 किलो हेरोइन, 12.81 लाख रुपये नकद और चार गाड़ियां जब्त की गई। पुलिस के मुताबिक, हेरोइन की कीमत करीब 60 करोड़ रुपये है।
बुध विहार थाने में दर्ज एक केस की जांच में पुलिस को उत्तर प्रदेश के रास्ते मणिपुर तक पहुंचना पड़ा। शुरुआती गिरफ्तारियों से मिली जानकारी के आधार पर बरेली और बाराबंकी में छापेमारी की गई।
विदेशी नागरिकों के जरिए भी हो रही थी सप्लाई
हेरोइन के अलावा स्पेशल स्टाफ ने कोकीन तस्करी के नेटवर्क पर भी कार्रवाई की। साउथ रोहिणी थाने में दर्ज एक केस में सेनेगल के सीन फाये को 17 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ के बाद नाइजीरिया के ओकोली, युगांडा की नसीमा अमीना उर्फ नालुबेगा मरियम को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 168 ग्राम कोकीन, 35,900 रुपये नकद, मशीनें, पैकिंग का सामान, एक स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद हुए।
editor 
