11 खेल विधाओं में खिलाड़ी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा, मार्च पास्ट के साथ हुआ आयोजन का आगाज विधायक आशाराम नेताम ने की विधिवत शुभारंभ की घोषणा

11 खेल विधाओं में खिलाड़ी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा, मार्च पास्ट के साथ हुआ आयोजन का आगाज विधायक आशाराम नेताम ने की विधिवत शुभारंभ की घोषणा
जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक का उत्साह और उमंग के साथ हुआ शुभारंभ
11 खेल विधाओं में खिलाड़ी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा, मार्च पास्ट के साथ हुआ आयोजन का आगाज
विधायक श्री आशाराम नेताम ने की विधिवत शुभारंभ की घोषणा

उत्तर बस्तर कांकेर, 23 नवम्बर 2026/ जिला मुख्यालय कांकेर में आज जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस आयोजन में जिले के सभी विकासखण्डों से पहुंचे खिलाड़ी 11 खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत मार्च पास्ट के साथ हुई, जिसमें विभिन्न विकासखंडों के खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री आशाराम नेताम ने कहा कि कांकेर बस्तर का प्रवेश द्वार है और बस्तर ओलंपिक के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने खेलों को बस्तर की प्रतिभाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। युवाओं को खेल के साथ योग, स्वच्छता और अनुशासन को भी अपने जीवन में अपनाना चाहिए तथा नशे से दूर रहना चाहिए। पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़कर युवा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने दो दिवसीय आयोजन के शुभारंभ पर सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बस्तर संभाग के सभी सात जिलों में बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। जिले के सभी विकासखंडों से खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पहुंचे हैं। यहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और हार से निराश न होकर लगातार प्रयास करते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है, ताकि जिले के खिलाड़ी भविष्य में कॉमनवेल्थ गेम्स और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक जैसे बड़े मंचों तक पहुंच सकें।
नगर पालिका अध्यक्ष  अरुण कौशिक ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन की सराहना की और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में श्री महेश जैन ने भी संबोधित किया। इसके पश्चात विधायक आशाराम नेताम ने बस्तर ओलंपिक 2026 के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई। इसके बाद खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर खेल प्रतियोगिताओं का आगाज किया गया।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला बालिका वर्ग में कांकेर और अंतागढ़ की टीमों के बीच रस्साकसी का हुआ, जिसमें कांकेर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। इसके बाद जूनियर वर्ग में विभिन्न खेल विधाओं की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं शुरू हुईं। पूरे आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बस्तर ओलंपिक के शुभारंभ अवसर पर पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा मारकोले, नगरपालिका उपाध्यक्ष उत्तम यादव, भारतीय खाद्य निगम के सदस्य श्री हलधर साहू, चेम्बर ऑफ कामर्स कांकेर के अध्यक्ष अरूण शर्मा, जिला पंचायत सीईओ  हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री भागवत प्रसाद जायसवाल, जिला शिक्षा अधिकारी  रमेश निषाद सहित व्यायाम शिक्षकगण मौजूद रहे।