श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर 20 नवंबर को रायपुर में भव्य नगर कीर्तन - जाम से बचने देखें मार्ग और समय
श्री गुरु नानक देव जी की जयंती के उपलक्ष्य में सिक्ख समाज का विशाल नगर कीर्तन 20 नवम्बर 2026 को
श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर 20 नवंबर को रायपुर में भव्य नगर कीर्तन
पांच अलग-अलग गुरुद्वारों के अमृतधारी पंज प्यारे पहली बार संयुक्त रूप से करेंगे अगुवाई,
गतका दल, ऊंट, बैंड पार्टी एवं आतिशबाजी रहेंगे विशेष आकर्षण — सर्व समाज द्वारा जगह-जगह स्वागत, सेवा एवं लंगर की रहेगी व्यवस्था
रायपुर। सिख धर्म के संस्थापक, मानवता, समानता, प्रेम, सद्भाव और सेवा का संदेश देने वाले श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर में 20 नवंबर, शुक्रवार को भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष नगर कीर्तन की विशेषता यह होगी कि पहली बार शहर के पांच अलग-अलग गुरुद्वारों के अमृतधारी पंज प्यारे एक साथ नगर कीर्तन की अगुवाई करेंगे। यह ऐतिहासिक पहल सिक्ख समाज की एकता, गुरु परंपरा, सामूहिक श्रद्धा और आपसी समर्पण का प्रतीक बनेगी।
नगर कीर्तन दोपहर 2 बजे गुरुद्वारा स्टेशन रोड से प्रारंभ होगा। विशेष रूप से सुसज्जित वाहन रूपी पालकी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी विराजमान रहेंगे। पालकी साहिब के समक्ष पांच अलग-अलग गुरुद्वारों से आए अमृतधारी पंज प्यारे नगर कीर्तन की अगुवाई करेंगे। गुरु साहिब की पालकी के पीछे हजारों की संख्या में सिक्ख महिलाएं एवं गुरु नानक नाम लेवा श्रद्धालु शबद-कीर्तन करते हुए चलेंगे। इसके पीछे सिक्ख पुरुषों के विभिन्न जत्थे शबद-कीर्तन करते हुए गुरबाणी के मधुर संगीत और आध्यात्मिक रस से पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे।
नगर कीर्तन के विशेष आकर्षण
इस भव्य नगर कीर्तन में पंजाब से आया गतका दल सिक्ख कौशल एवं पारंपरिक युद्ध कला का रोमांचक प्रदर्शन करेगा, जो नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। इसके अलावा ऊंट, बैंड पार्टी तथा आतिशबाजी भी आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे। गतका दल के साहसिक एवं कौशलपूर्ण प्रदर्शन सिक्ख परंपरा की वीरता, अनुशासन और शौर्य का परिचय देंगे।
नगर कीर्तन का मार्ग
नगर कीर्तन दोपहर 2 बजे गुरुद्वारा स्टेशन रोड से प्रारंभ होकर निम्न मार्ग से गुजरेगा—
गुरुद्वारा स्टेशन रोड → रेलवे स्टेशन चौक → फाफाडीह → गुरु गोविंद सिंह चौक → जेल रोड → शास्त्री चौक → नगर घड़ी चौक → शहीद भगत सिंह चौक → आनंद नगर चौक → गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा जी साहेब, तेलीबांधा तालाब पहुंचेगा |
नगर कीर्तन के पूरे मार्ग को आकर्षक रूप से सजाया जाएगा, नगर कीर्तन का सिक्ख समाज सहित सर्व समाज के लोगों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं धार्मिक संगठनों द्वारा जगह-जगह भव्य स्वागत किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए चाय, नाश्ता, फल-फ्रूट, दूध एवं लंगर की व्यवस्था रहेगी। विभिन्न स्थानों पर सेवा करने वाले लोगों एवं संस्थाओं द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ संगत का स्वागत किया जाएगा। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सर्व समाज की एकता, भाईचारे, सेवा और सद्भाव का अनूठा उदाहरण बनेगा।
गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा जी साहेब में होगा समापन एवं अरदास
नगर कीर्तन के गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा जी साहेब, तेलीबांधा तालाब पहुंचने पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को अत्यंत श्रद्धा, आदर और सम्मान के साथ गुरुद्वारा साहिब में विराजमान किया जाएगा। इसके पश्चात संगत की उपस्थिति में अरदास होगी और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया जाएगा।
आयोजन में सभी गुरुद्वारों एवं समाज के प्रमुखों का सहयोग
इस विशाल धार्मिक आयोजन की व्यवस्था में श्री गुरु सिंघ सभा स्टेशन रोड रायपुर की प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष इंदरजीत सिंह छाबड़ा, कमेटी के सभी सदस्य, रायपुर के समस्त गुरुद्वारों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, समाज के प्रमुख व्यक्ति तथा छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के सभी सदस्य मिलकर सहयोग एवं सहभागिता निभाएंगे। सभी के सामूहिक प्रयासों से नगर कीर्तन को सुव्यवस्थित, भव्य एवं श्रद्धापूर्ण स्वरूप प्रदान किया जा रहा है।
सर्व समाज से सहभागिता की अपील
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने सिक्ख समाज सहित श्री गुरु नानक देव जी को मानने वाले समस्त श्रद्धालुओं, शहरवासियों, सामाजिक संगठनों एवं सर्व समाज से अपील की है कि वे इस पावन नगर कीर्तन में शामिल होकर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त करें, सेवा में सहभागिता निभाएं तथा प्रेम, सद्भाव, भाईचारे एवं मानवता के इस महापर्व को सफल बनाएं।
श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं समूचे मानव समाज को जात-पात, ऊंच-नीच, भेदभाव और वैमनस्य से ऊपर उठकर प्रेम, समानता, सम्मान, सेवा एवं परस्पर भाईचारे के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं। नगर कीर्तन का यह आयोजन इन्हीं महान शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने और सभी धर्मों एवं समाजों को प्रेम के सूत्र में जोड़ने का संदेश देगा।
“नाम जपो, किरत करो, वंड छको” — गुरु नानक देव जी की इस महान शिक्षा को जीवन में अपनाकर समाज में सेवा, प्रेम, सद्भाव और मानवता का प्रकाश फैलाएं।
यातायात विभाग - पुलिस विभाग और नगर निगम रायपुर से नगर कीर्तन के दौरान सहयोग की अपील
छत्तीसगढ़ सिख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने रायपुर से यातायात विभाग पुलिस विभाग और नगर निगम से अपील की है कि वह श्री गुरु नानक देव जी की जयंती के उपलक्ष में आयोजित नगर कीर्तन के दौरान व्यवस्था संभालने में सहयोग करें |
श्री सिंघोत्रा ने आम नागरिकों से भी इस दौरान नगर कीर्तन की मान मर्यादा में सहयोग करने की अपील की है |

