“श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी पूरी मानवता का मार्गदर्शन कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कामना की कि गुरु नानक देव जी का संदेश ऐसा समाज बनाने की प्रेरणा दे, जो करुणा, आपसी सद्भाव और सभी के कल्याण पर आधारित हो।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, “श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी शाश्वत शिक्षाएं आज भी मानवता का मार्गदर्शन कर रही हैं। उनका संदेश हमें एक ऐसे समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करे, जो करुणा, आपसी सद्भाव और सभी के कल्याण पर आधारित हो।”
पीएम मोदी ने वीडियो संदेश में गुरु नानक देव की शिक्षाओं को किया याद
प्रधानमंत्री ने अपनी पोस्ट के साथ एक वीडियो भी साझा किया। इसमें उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के संदेश केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए आज भी प्रेरणादायक और प्रासंगिक हैं। उनकी शिक्षाएं हमें सादगी, सद्भाव और दूसरों के प्रति समर्पण की भावना से जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने हमेशा संपूर्ण मानवता के कल्याण के बारे में सोचा। उन्होंने समाज को सत्य, कर्म, सेवा, करुणा और सौहार्द का रास्ता दिखाया। गुरु नानक देव जी ने सेवा भावना और मानवता की भलाई के लिए जो सीख दी, उसका पालन सिख समुदाय के लोग आज भी दुनियाभर में कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएं आने वाली पीढ़ियों को भी मानवता और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती रहेंगी।

