सरकारी अस्पतालों की बदहाली के बीच आयुष्मान योजना में मरीजों के इलाज के विकल्प सीमित करना जनविरोधी कदम - कांग्रेस

सरकारी अस्पतालों की बदहाली के बीच आयुष्मान योजना में मरीजों के इलाज के विकल्प सीमित करना जनविरोधी कदम - कांग्रेस

सरकारी अस्पतालों की बदहाली के बीच आयुष्मान योजना में मरीजों के इलाज के विकल्प सीमित करना जनविरोधी कदम - कांग्रेस

रायपुर/23 नवंबर 2026।
 आयुष्मान भारत योजना के तहत स्मार्ट कार्ड से इलाज़ पर 1 दिसंबर से प्रस्तावित बदलावों को जनविरोधी फैसला बताते हुए प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने कहा है कि गरीबों के स्वास्थ्य का अधिकार सरकारी प्रयोगों का विषय नहीं है। आयुष्मान योजना का उद्देश्य मरीजों को इलाज की सुविधा देना है, उनके इलाज के विकल्प को सीमित करना नहीं। एक तरफ सरकार आयुष्मान कार्ड के जरिए 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर उपचार पैकेजों को सरकारी अस्पतालों तक सीमित करने के कदम से आमजन और गरीब मरीजों के इलाज के विकल्प संकुचित किए जा रहे हैं। जमीनी हकीकत यह है कि देश और प्रदेश के अधिकांश सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों, बेड, आधुनिक उपकरणों और दवाओं की कमी आज भी एक गंभीर समस्या बनी हुई है। ऐसे में प्रसूति, नेत्र रोग, सर्जरी और अन्य गंभीर बीमारियों से जुड़े पैकेजों को केवल सरकारी अस्पतालों के दायरे में लाने से पहले बुनियादी स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना आवश्यक है, न कि मरीजों को असुविधा में डालना।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने कहा है कि आयुष्मान योजना के कथित दुरुपयोग को रोकने की आड़ में ईमानदार और जरूरतमंद लाभार्थियों को परेशान किया जा रहा है। दांत और आँखों का इलाज पहले ही आयुष्मान योजना से बाहर किए जा चुके थे अब 81 अन्य बीमारियों का इलाज निजी अस्पताल कार्ड से नहीं कर पाएंगे। कांग्रेस पार्टी यह मांग करती है कि पहले सरकारी अस्पतालों का सुदृढ़ीकरण किया जाये, किसी भी पैकेज को सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित करने से पूर्व वहां पर्याप्त डॉक्टर, स्टाफ, संसाधन और सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। मरीजों को स्पष्ट जानकारी व वास्तविक राहत दे, आयुष्मान कार्ड धारकों को भ्रम और असुविधा से बचाने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं तथा आपातकालीन व जरूरतमंद मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की बाधा न आने दी जाए। योजना के संचालन में पारदर्शिता लाई जाए और आम नागरिकों के स्वास्थ्य अधिकारों से खिलवाड़ बंद किया जाए।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा सरकार के इस तुगलकी फैसले से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को समय पर समुचित इलाज मिलने में कठिनाई होगी। गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने का दावा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पहले से 23 उपचार पैकेज सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित थे, अब राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण ने 89 नए पैकेज जोड़कर कुल 112 उपचार पैकेज सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित करने का प्रस्ताव है, इसे आगामी 1 दिसंबर 2026 से लागू करने की तैयारी है। छत्तीसगढ़ में पहले से ही लगभग 170 पैकेज निजी अस्पतालों के बंद है। यदि एनएचए का नया 112 पैकेज वाला नियम राज्य में लागू होता है तो यह संख्या और बढ़ जायेगी। इस प्रस्ताव में मोतियाबिंद, फ्रैक्चर, गंभीर एनीमिया, मलेरिया, हेपेटाइटिस, डायरिया, स्त्री रोग और अन्य महत्वपूर्ण उपचार शामिल हैं। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिकार आम जनता का हक है, निजी अस्पतालों में इलाज का विकल्प सीमित करने से आम मरीजों को नुकसान होगा, पहले से ही बदइंतजामी की मार झेल रहे सरकारी अस्पतालों में भीड़ बढ़ेगी, लोड बढ़ेगा। सरकार के इस दुर्भावना पूर्वक फैसले के खिलाफ कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक मरीजों के हक की लड़ाई लड़ेगी।