श्री गुरु नानक देव जी के पावन स्वरूप को चाबी स्टैंड बनाकर बेचने के मामले में छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने पुलिस में की शिकायत
*श्री गुरु नानक देव जी के पावन स्वरूप को चाबी स्टैंड बनाकर बेचने के मामले में छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने पुलिस में की शिकायत, FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग की*
*ACP अमित कांबले ने कंपनी पर सख्त कार्रवाई का दिया आश्वासन - थाना प्रभारी यमन देवांगन ने तत्काल कार्रवाई एवं वेबसाइट ब्लॉक कराने के प्रयास का दिया भरोसा*
रायपुर। छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज द्वारा Bhakti Nest namak ऑनलाइन कंपनी के विरुद्ध थाना सिविल लाइन, रायपुर में लिखित शिकायत प्रस्तुत कर कंपनी के खिलाफ अपराध दर्ज करने एवं कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई ।
शिकायत में बताया गया कि Bhakti Nest कंपनी द्वारा सिक्ख धर्म के प्रथम गुरु, साहिब श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पावन स्वरूप का उपयोग लकड़ी का चाबी स्टैंड (Wooden Wall Keyholder) बनाकर व्यावसायिक रूप से बिक्री करने एवं सोशल मीडिया पर विज्ञापन प्रसारित करने के लिए किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने इसे सिक्ख धर्म की धार्मिक आस्था, श्रद्धा एवं गुरु मर्यादा के प्रतिकूल बताते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
इस संबंध में छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने थाना सिविल लाइन पहुंचकर थाना प्रभारी श्री यमन देवांगन को लिखित शिकायत सौंपी तथा मामले में FIR दर्ज कर संबंधित कंपनी एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

थाना प्रभारी श्री यमन देवांगन ने शिकायत की गंभीरता को देखते हुए प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इस मामले में तत्काल कार्रवाई करेंगे तथा Bhakti Nest कंपनी की वेबसाइट को ब्लॉक कराने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म के गुरुओं अथवा भगवानों के चित्रों का इस प्रकार व्यावसायिक एवं आपत्तिजनक उपयोग करना आपराधिक कृत्य है।
शिकायत पत्र की एक प्रति असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर रायपुर श्री अमित कांबले को भी सौंपी गई।
असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर श्री अमित कांबले ने छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि संबंधित कंपनी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी को भी किसी अन्य व्यक्ति अथवा समाज की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का अधिकार नहीं है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी महाराज केवल सिक्ख समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए पूजनीय हैं। उन्होंने मानवता को प्रेम, समानता, सेवा, सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश दिया। ऐसे महान गुरु के पावन स्वरूप को चाबियां टांगने के व्यावसायिक उत्पाद के रूप में बनाकर बेचना सिक्ख समाज की धार्मिक भावनाओं एवं श्रद्धा को आहत करने वाला कृत्य है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े पूजनीय स्वरूपों को केवल व्यापार और आर्थिक लाभ का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई होने तक अपना प्रयास जारी रखेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज का उद्देश्य किसी व्यक्ति अथवा संस्था से विवाद करना नहीं, बल्कि अपने गुरुओं की गरिमा, धार्मिक मर्यादा एवं आस्था की रक्षा करना है। समाज पुलिस प्रशासन से अपेक्षा करता है कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर नगर निगम राजस्व विभाग के अध्यक्ष अवतार सिंह बागल, स्वर्ण सिंह चावला, नरेंद्र सिंह हरगोत्रा, मंजीत सिंह भाटिया, सुरजीत सिंह छाबड़ा, देवेंद्र सिंह चावला, कुलवंत सिंह खालसा एवं त्रिलोचन सिंह होरा उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस प्रकरण में गंभीरता से जांच कर उचित धाराओं के अंतर्गत अपराध दर्ज किया जाए तथा संबंधित कंपनी की वेबसाइट एवं सोशल मीडिया पर प्रसारित आपत्तिजनक प्रचार सामग्री के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी व्यावसायिक संस्था द्वारा धार्मिक आस्था एवं पूजनीय स्वरूपों का इस प्रकार व्यावसायिक उपयोग न किया जाए।


