धान खरीदी करने सरकार गंभीर नहीं, किसानों के सहयोग के लिए कांग्रेस ने कंट्रोल रूम संचालित कर जारी किए हेल्पलाइन नंबर

धान खरीदी करने सरकार गंभीर नहीं, किसानों के सहयोग के लिए कांग्रेस ने कंट्रोल रूम संचालित कर जारी किए हेल्पलाइन नंबर
धान खरीदी करने सरकार गंभीर नहीं, किसानों के सहयोग के लिए कांग्रेस ने कंट्रोल रूम संचालित कर जारी किए हेल्पलाइन नंबर

रायपुर/24 नवंबर 2026।
 सरकार पर धान खरीदी व्यवस्था को जानबूझकर विफल करने और किसानों का पूरा धान न खरीदने षडयंत्र रचने का आरोप लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि वर्तमान खरीफ विपणन सत्र में प्रदेश भर के किसान रकबा कटौती, तकनीकी खामियों और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं से जूझ रहे हैं। किसानों की समस्याओं को संकलित करने और उन्हें त्वरित सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ किसान कांग्रेस द्वारा प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन रायपुर में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है तथा हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। एक तरफ यह सरकार दावा कर रही है कि जिन किसानों का पहले से पंजीयन है उनको एग्री स्टैक पोर्टल पर फिर से पंजीयन की आवश्यकता नहीं है, दूसरी तरफ उन्हीं में से हजारों किसानों का रकबा इस साल पोर्टल में शून्य दिखाया जा रहा है। जब उसी खसरे में दर्ज रकबा के अनुपात में पिछले साल धान बेचा गया है तो फिर इस बार रकबा शून्य या कम कैसे हुआ? सरकार जवाब दे और दोषियों पर कठोर कार्रवाई करे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि प्रशासन द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना या भौतिक सत्यापन के किसानों के धान के रकबे में भारी कटौती की जा रही है, और कई मामलों में रकबा शून्य कर दिया गया है। त्रुटिपूर्ण गिरदावली के माध्यम से धान की वास्तविक फसल को अन्य फसल के रूप में दर्ज कर दिया गया है और फर्जी अनावरी रिपोर्ट तैयार कर किसानों को 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने से वंचित किया जा रहा है। यह सरकार किसानों के हक का पूरा धान समर्थन मूल्य पर खरीदना नहीं चाहती।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि पीवी ऐप और एग्री स्टैक पोर्टल में आ रही लगातार तकनीकी दिक्कतों के कारण किसानों का पंजीयन और सत्यापन कार्य बाधित हो रहा है, जिससे किसान सोसायटियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। 40 दिन तक पटवारी हड़ताल पर थे, इसी दौरान 20 दिन पहले ही पंजीयन बंद हो चुका है, नामांतरण, फौत, बंटवारा और राजस्व के हजारों मामले लंबित हैं, ऐसे में जिन किसानों का पंजीयन नहीं हो पाया है उनको अवसर मिलना चाहिए। प्रदेश के अधिकांश उपार्जन केंद्रों में ऑनलाइन और ऑफलाइन टोकन कटने में भारी परेशानी आ रही है। ऑनलाइन टोकन तो शुरू होते ही एक ही दिन में खत्म हो गया, 15 जनवरी तक किसी के लिए ऑनलाइन टोकन उपलब्ध नहीं है, इसके अतिरिक्त, संग्रहण केंद्रों पर तौलाई में देरी और बारदाने बोरों की कमी ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि सरकार के अव्यावहारिक निर्णयों के चलते धान का उठाव न होने से सोसायटियों को भारी नुकसान का अंदेशा है जिसको लेकर समिति प्रबंधकों ने विरोध जताया है। नए नियमों के अनुसार यदि 15 जनवरी को धान खरीदी की अंतिम तिथि तक मिलरों द्वारा धान का उठाव, परिवहन प्रारंभ नहीं किया गया, तो सहकारी सोसायटियों को सूखत और रखरखाव के अभाव में भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। उपार्जन केंद्रों में भंडारण क्षमता अत्यंत सीमित है, ऐसे में यदि समय पर उठाव नहीं हुआ, तो केंद्रों पर जाम की स्थिति बनेगी और स्वतः ही धान खरीदी की गति व मात्रा में कमी आ जाएगी। ये सभी परिस्थितियां इस ओर इशारा करती हैं कि वर्तमान सरकार किसानों की पूरी उपज खरीदने की मंशा नहीं रखती है और विभिन्न तकनीकी व प्रशासनिक अड़चनें पैदा कर खरीदी के लक्ष्य को कम करना चाहती है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि किसानों की समस्या, शिकायतों को दर्ज करने और सरकार तक उनकी आवाज पहुंचाने, धान खरीदी व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी और किसान कांग्रेस द्वारा विगत 22 नवंबर से स्थापित प्रदेश स्तरीय कंट्रोल रूम का संचालन किया जा रहा है। प्रदेश के सभी 3100 धान उपार्जन केंद्रों पर कांग्रेस कमेटी के 5 एवं किसान कांग्रेस के 5 सदस्यों को मिलाकर 10 सदस्यीय धान खरीदी निगरानी एवं किसान सहयोग समिति का गठन किया जा रहा है। किसान धान खरीदी, रकबा सत्यापन, टोकन एवं अन्य समस्याओं से संबंधित शिकायतें हेल्पलाइन नंबर 0771-4500780 पर दर्ज करा सकते हैं। कांग्रेस कमेटी यह मांग करती है कि सरकार तत्काल त्रुटिपूर्ण गिरदावली और रकबा कटौती में सुधार के लिए विशेष शिविर लगाए, पोर्टल की तकनीकी खामियों को दूर करे तथा उपार्जन केंद्रों से धान का तत्काल उठाव सुनिश्चित करे, अन्यथा कांग्रेस पार्टी किसानों के हित में प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी।