यूपी चुनाव 2027 की तैयारी तेज: मथुरा में भाजपा का दो दिवसीय महामंथन पूरा, संगठन से टिकट तक बनी रणनीति
मथुरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मथुरा के फरह स्थित परखम में आयोजित पार्टी की दो दिवसीय योजना बैठक मंगलवार को संपन्न हो गई। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव, संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति को लेकर वरिष्ठ नेताओं ने व्यापक मंथन किया। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित करीब 55 प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए।
संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर चर्चा
दो दिवसीय बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। पार्टी संगठन को मजबूत बनाने, राष्ट्रीय और स्थानीय नेतृत्व के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सरकार और संगठन के बीच तालमेल बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने और जनता के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। बैठक में पार्टी के चिंतकों, विशेषज्ञों और वरिष्ठ नेताओं ने अपने सुझाव रखे।
चुनाव पर नजर रखेगी राष्ट्रीय टीम
विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने क्षेत्रीय अध्यक्षों की तैनाती की थी। अब पार्टी नेतृत्व की ओर से एक नई राष्ट्रीय टीम भी तैनात किए जाने की तैयारी है। यह टीम चुनावी गतिविधियों की निगरानी करेगी और टिकट वितरण की प्रक्रिया में अहम भूमिका निभा सकती है। टीम के सदस्य अलग-अलग क्षेत्रों में संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों का आकलन करेंगे। इसके बाद अपनी रिपोर्ट राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे, ताकि उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति को लेकर समय रहते निर्णय लिए जा सकें।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखी गई रिपोर्ट
बैठक के दौरान पहले दिन हुए विचार-विमर्श और सामने आए सुझावों की रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष रखी गई। दो दिनों तक चले मंथन में मिले सुझावों के आधार पर आगे की कार्ययोजना पर भी विचार किया गया। बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली के लिए रवाना हो गए। अब भाजपा नेतृत्व का अगला फोकस बैठक में तय रणनीति को जमीन पर उतारने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को पूरी तरह तैयार करने पर रहेगा।
editor 
