पामगढ़ में विवाद के दौरान चली गोली, युवक घायल – आरोपी हिरासत में
मन्नू मानिकपुरी बिलासपुर
जांजगीर-चांपा— थाना पामगढ़ क्षेत्र में आज सुबह करीब 10:00 बजे विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ हिमांशु किराना स्टोर के पास पहुंचकर गाली-गलौज कर रहा था। दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास द्वारा इसका विरोध किए जाने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
विवाद के दौरान हिमांशु श्रीवास के भाई गुलशन श्रीवास ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से पंकज कश्यप पर गोली चला दी, जो उसके पैर (जांघ) में लगी। घायल पंकज कश्यप को तत्काल सीएचसी पामगढ़ ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि वर्तमान में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी गुलशन श्रीवास रिटायर्ड आर्मी सिग्नल कोर का हवलदार है। मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मुख्य आरोपी एवं उसके सहयोगी भाई को हिरासत में ले लिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं डीएसपी प्रदीप सोरी ने मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

cg24 
