बिलासपुर में तेज रफ्तार वाहन चालकों पर शिकंजा, 5 माह में 14,372 चालान

बिलासपुर में तेज रफ्तार वाहन चालकों पर शिकंजा, 5 माह में 14,372 चालान

मन्नू मानिकपुरी संवाददाता बिलासपुर

बिलासपुर,  सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस बिलासपुर ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। अत्याधुनिक कैमरों, एएनपीआर सिस्टम, स्पीड राडार गन और इंटरसेप्टर वाहनों की मदद से जनवरी से मई 2026 तक कुल 14,372 प्रकरणों  में कार्रवाई कर वाहन चालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। यातायात पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना है, इसलिए ऐसे वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

आंकड़ों के अनुसार, तेज गति से वाहन चलाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 112/183 के तहत 4,809 प्रकरण तथा जल्दबाजी एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने पर धारा 184 के तहत 9,567 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

शहर में स्थापित 550 से अधिक आईटीएमएस कैमरों और एएनपीआर तकनीक के माध्यम से प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और आंतरिक सड़कों पर लगातार निगरानी की जा रही है। स्टंटबाजी, रील बनाते हुए वाहन चलाना, खतरनाक ड्राइविंग और निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है।

यातायात पुलिस ने चेतावनी दी है कि गंभीर यातायात नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन एवं निरस्तीकरण के लिए परिवहन विभाग को प्रतिवेदन भेजे जा रहे हैं। साथ ही, स्टंटबाजी और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वाले मामलों को न्यायालय में भी प्रस्तुत किया जा रहा है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।