कलेक्टर ने पालना केंद्र, बाल गृह एवं आंगनबाड़ी का किया निरीक्षण बच्चों की सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश, एक सप्ताह में व्यवस्था सुधारने को कहा
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने शनिवार को जिले के विभिन्न शासकीय संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला कार्यालय परिसर स्थित पालना केंद्र, गांधी वार्ड स्थित बालक बालगृह, तहसीलपारा स्थित बालिका बालगृह तथा बाजारपारा स्थित आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर ने सबसे पहले पालना केंद्र का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने बच्चों की उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने और दीवारों को आकर्षक रंग-रोगन करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही किचन का अवलोकन कर बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद गांधी वार्ड स्थित बालक बालगृह का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने वहां रोशनी की कमी पर असंतोष जताया और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों के लिए उपयोग में लाए जा रहे गद्दे, बेडशीट और कंबलों को बदलने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्टडी कक्ष और कम्प्यूटर कक्ष का अवलोकन किया और बच्चों को कम्प्यूटर चलाने के लिए कहा, जहाँ कम्प्यूटर ख़राब और बिना कीबोर्ड के पाये गए।
निरीक्षण के दौरान जब कलेक्टर को संस्थान में आवश्यक सुविधाओं की कमी मिली, तो उन्होंने संस्थान प्रमुख को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बाजारपारा स्थित आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने केंद्र में मौजूद सुविधाओं के साथ-साथ पुनर्निर्माण के तहत किए गए कार्यों की प्रगति देखी।
तहसीलपारा स्थित बालिका बालगृह में भी कलेक्टर ने बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और परिसर की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने यहां भी गद्दे और बेडशीट बदलने के निर्देश दिए तथा बच्चों को समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने को कहा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी संस्थानों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए ताकि बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण मिल सके।
cg24
