भावना बोहरा ने कहा-जनता का विश्वास ही मेरी ऊर्जा, हर चुनौती को सेवा में बदलने का संकल्प

भावना बोहरा ने कहा-जनता का विश्वास ही मेरी ऊर्जा, हर चुनौती को सेवा में बदलने का संकल्प

पंडरिया । पंडरिया विधानसभा की लोकप्रिय विधायक भावना बोहरा के जन्मदिन के अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल रहा। भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और भव्य रूप से उनका जन्मदिन मनाया। सुबह से ही उनके कवर्धा स्थित निवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा पंडरिया विधानसभा की जनता और पार्टी के कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ताओं द्वारा प्राप्त स्नेह और आशीर्वाद मेरे लिए बहुमूल्य उपहार है। आप सभी का यह स्नेह, सहयोग और विश्वास ही मेरी ऊर्जा है, जो आपकी सेवा और अपने कर्तव्यों एवं संकल्पों को पूरा करने हेतु मार्गदर्शन प्रदान करता है। जनसेवा, विकास और जनसुविधाओं का विस्तार ही मेरी प्राथमिकता और लक्ष्य है।

उन्होंने आगे कहा कि आज मैं जिस मुकाम पर हूँ, वह आप सभी मेरे परिवारजनों के सहयोग व आशीर्वाद से हूँ। मेरा प्रयास हमेशा यही रहा है कि आपके हर सुख-दुख में साथ रहूं और पंडरिया विधानसभा के विकास तथा आपकी सेवा के लिए हर दिन कुछ बेहतर करती रहूं।

विधायक बोहरा ने विगत वर्षों में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा के लिए निःशुल्क बस सेवा, स्वास्थ्य के लिए एम्बुलेंस सेवा एवं मोबाइल हेल्थ पैथ लैब, युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग सेंटर, महिलाओं के सशक्तिकरण, विकास कार्यों एवं अधोसंरचना निर्माण हेतु 300 करोड़ से अधिक की स्वीकृति, विधानसभा में क्षेत्रीय और प्रदेश स्तरीय मुद्दों को उठाना तथा जनसेवा ही भावना सेवा सुविधा केंद्र की स्थापना जैसे प्रयास जनता के हित में किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि विगत वर्षों में कई चुनौतियां आईं, बहुत कुछ सीखने और अनुभव प्राप्त हुआ। इन अनुभवों से प्रेरणा लेकर मैं आने वाले समय में और भी बेहतर प्रयास करूंगी। मैं आभारी हूँ कि मेरे हर कदम पर आप सभी का साथ, विश्वास और समर्थन मिला जिसने मेरा हौसला बढ़ाया।

अंत में विधायक बोहरा ने पार्टी, संगठन, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों , जनता एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से शुभकामनाएं देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी का समर्थन, सहयोग और मार्गदर्शन मुझे मिलता रहे, यही मेरी ईश्वर से कामना है।