उप मुख्यमंत्री श्री साव ने किया विकासखंड स्तरीय बस्तर ओलंपिक का शुभारंभ
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में आज दोपहर 02 बजे गोविंदपुर के खेल मैदान में आयोजित विकासखण्ड स्तरीय बस्तर ओलंपिक प्रतियोगिता का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री श्री साव के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बस्तर के प्रतिभाशाली युवक-युवतियों को समुचित प्लेटफॉर्म मुहैया कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने पिछले वर्ष से बस्तर ओलंपिक का आगाज किया है, जिसकी ख्याति राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिल चुकी है। इसकी सफलता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गत वर्ष 01 लाख 65 हजार युवक-युवतियों ने अपना पंजीयन कराया था, जबकि इस वर्ष रिकॉर्ड 03 लाख 91 हजार खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। उप मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि बस्तर संभाग के खिलाड़ियों की अपनी विशिष्ट पहचान है, क्यांकि वे अनुशासित होकर टीम भावना से अपनी खेल प्रतिभाओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में खेल सुविधाओं और विकास के लिए पूर्व में ही लगभग 08 करोड़ रूपए के विभिन्न कार्यों की स्वीकृति राज्य सरकार द्वारा दी जा चुकी है। स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने गोविंदपुर के खेल मैदान में शेड निर्माण के लिए 25 लाख रूपए की घोषणा की। केबिनेट मंत्री श्री साव ने इस अवसर पर विकासखण्ड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के शुभारंभ की घोषणा की तथा खेल ध्वज फहराया। उन्होंने मैदान में जाकर तीरंदाजी, रिले रेस, व्हालीबॉल के खिलाड़ियों से भेंट कर उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं तथा श्रेष्ठ प्रदर्शन करने और जिला व संभाग स्तरीय खेलों में जीत हासिल करने हेतु प्रोत्साहित भी किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने मौजूद खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में पखांजूर से लेकर नरहरपुर तक विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं का सकारात्मक वातावरण निर्मित हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर संभाग के हुनरमंद खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए पिछले साल से बस्तर ओलंपिक शुरू किया जो आज वृहद रूप ले चुका है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने जिले में खेल गतिविधियों तथा जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की संक्षिप्त जानकारी इस दौरान दी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री के द्वारा राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा, हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत, नगरपालिका अध्यक्ष अरूण कौशिक, उपाध्यक्ष उत्तम यादव, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर सहित संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्रीमती तनुजा सलाम, जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी के अलावा पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।
इसके पहले, उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री साव का स्थानीय विश्राम गृह में कांकेर विधायक श्री नेताम, कलेक्टर श्री क्षीरसागर एवं एसएसपी श्री इंदिरा कल्याण एलेसेला ने पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया तथा जिले में प्रशासनिक गतिविधियों के संबंध में अवगत कराया। साथ ही उन्हें पुलिस जवानों के द्वारा ‘गॉर्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।
cg24
