कैबिनेट मंत्री लखन लाल के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय महतारी वंदन सम्मेलन का हुआ आयोजन
कैबिनेट मंत्री लखन लाल के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय महतारी वंदन सम्मेलन का हुआ आयोजन

सशक्त नारी, समृद्ध समाज की आधारशिलाः- कैबिनेट मंत्री लखन लाल
उत्कृष्ट कार्य करने वालो महिलाओं को किया गया सम्मानित
बाल विवाह मुक्त नगरीय निकाय व पंचायतो को प्रमाण पत्र किया गया प्रदान
नूतन सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी का सम्मान सर्वोपरि माना गया है। नारी को सदैव शक्ति, सृजन और संस्कार का प्रतीक माना गया है, इसलिए महिलाओं का सम्मान करना हमारी परंपरा और संस्कृति की पहचान है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से उन्हें शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के अवसर मिल रहे हैं।
नारी सम्मान और सशक्तिकरण से समाज का समग्र विकास- कलेक्टर श्री दुदावत
कार्यक्रम में कलेक्टर दुदावत ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव उच्च स्थान दिया गया है। समाज के उत्थान और विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने बताया आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, राजनीति और अखिल भारतीय सेवाओं सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़कर सफलता हासिल कर रही है और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। कलेक्टर ने बताया कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा महतारी वंदन योजना संचालित की जा रही है, जिसके अंतर्गत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना के तहत जिले के 2,93,859 पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में प्रदान की जा रही है। उन्होंने जिले में बाल विवाह रोकथाम के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत कोरबा जिले के 297 ग्राम पंचायतों एवं 03 नगरीय निकायों को बाल विवाह मुक्त घोषित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण ही समाज के समग्र विकास का आधार है और इसके लिए शासन-प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने हेतु दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने के उद्देश्य से उपस्थित सभी लोगों को शपथ दिलाई। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बाल विवाह की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता लाने तथा लोगों को इस कुप्रथा के विरुद्ध जागरूक करने के लिए प्रेरित करने हेतु अपील की। इस दौरान महतारी वंदन योजना का लाभ लेकर स्वावलंबन की दिशा में अग्रसर हुई महिलाओं द्वारा अपना अनुभव साझा किया गया एवं सभी को योजना का बेहतर लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया।
बाल विवाह मुक्त नगरीय निकायों व पंचायतों का किया गया सम्मान
मुख्य अतिथि लखन लाल देवांगन द्वारा बाल विवाह की कुप्रथा से पूर्णतः मुक्त हो चुके नगर पालिका परिषद दीपका, नगर पालिका परिषद कटघोरा एवं नगर पंचायत छुरीकला के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) को बाल विवाह मुक्त होने का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। साथ ही जिले की बाल विवाह मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिलाओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभाग के पर्यवेक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों के उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को भी मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बस्तर में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में राज्य स्तरीय महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का लाइव प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री द्वारा महिलाओं से किया गया संवाद एवं उनका प्रेरणादायी अभिभाषण का जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक अवलोकन किया। इस दौरान महिलाओं ने शासन की विभिन्न योजनाओं और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विचारों से प्रेरणा प्राप्त की तथा कार्यक्रम में अपनी सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की।”
cg24 
