विधायक सुश्री उसेंडी ने कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की
विधायक सुश्री उसेंडी ने कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की
भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भगवान विश्वकर्मा जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी शामिल हुईं। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर विधायक सुश्री उसेंडी ने फैक्ट्री में कार्यरत महिलाओं से संवाद किया और उन्हें भगवान विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृजन, निर्माण एवं शिल्प-कौशल का प्रतीक माना जाता है। उनके आदर्श हमें श्रम, हुनर और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री में स्थानीय महिलाओं को रोजगार एवं कौशल विकास के अवसर मिल रहे हैं, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा, पूर्व विधायक श्री सेवकराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जिला पंचायत सदस्य श्री नंदलाल राठौर, श्री दीपेश अरोरा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, लाइवलीहुड के प्रभारी अधिकारी श्री पुनेश्वर वर्मा, कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री में कार्यरत कर्मचारी एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।


