SIR प्रक्रिया को लेकर सांसद संतोष पांडे का कांग्रेस पर हमला, बोले- मतदाताओं को भ्रमित कर रही पार्टी
SIR प्रक्रिया को लेकर सांसद संतोष पांडे का कांग्रेस पर हमला, बोले- मतदाताओं को भ्रमित कर रही पार्टी
रायपुर। SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर सांसद संतोष पांडे ने प्रेसवार्ता कर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस SIR प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाने और मतदाताओं को भ्रमित करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच भ्रम फैलाकर राजनीतिक नैरेटिव सेट करने की कोशिश कर रही है, लेकिन विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाने में विपक्ष सफल नहीं हो रहा है।
सांसद संतोष पांडे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मतदाताओं का विश्वास खो चुकी है। उन्होंने विपक्ष पर भारत में हो रहे ऐतिहासिक सुधारों का विरोध करने का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, SIR प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाना है, लेकिन कांग्रेस इस प्रक्रिया को लेकर लोगों के बीच गलतफहमी पैदा कर रही है।
चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर जताया भरोसा
प्रेसवार्ता में संतोष पांडे ने भारतीय निर्वाचन आयोग की भूमिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि चुनाव आयोग देश में निष्पक्षता के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू करने से लेकर चुनाव संपन्न कराने तक आयोग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करता है। पिछले 10 वर्षों में चुनाव आयोग और अधिक मजबूत हुआ है।
उन्होंने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े प्रावधानों का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम किया जाता है। मतदाताओं से कुछ भी छिपा नहीं है और कोई भी उनका वोट नहीं चुरा सकता।
लोकतंत्र की मजबूती में चुनाव आयोग की अहम भूमिका
सांसद ने कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग देश के लोकतंत्र की महत्वपूर्ण संस्था है। चुनाव आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाती है। उन्होंने कांग्रेस से चुनाव प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने के बजाय लोकतांत्रिक संस्थाओं पर विश्वास बनाए रखने की बात कही।
SIR को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच संतोष पांडे की इस प्रेसवार्ता को भाजपा की ओर से कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।