विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: 'सेवा संवाद यात्रा' से पहले विधायक अनुज शर्मा ने अधिकारियों की ली बैठक, समय पर कार्यो को पूर्ण करने के दिए निर्देश
विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: 'सेवा संवाद यात्रा' से पहले विधायक अनुज शर्मा ने अधिकारियों की ली बैठक, समय पर कार्यो को पूर्ण करने के दिए निर्देश
* मुख्यमंत्री द्वारा भूमिपूजन व लोकार्पण किए गए कार्यों की ली बिंदुवार जानकारी, अपूर्ण निर्माण को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश
* 22 नवंबर से 24 दिसंबर तक प्रत्येक ग्राम में लगेगी जनचौपाल, मौके पर ही होगा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण
धरसींवा (रायपुर)।
धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने आगामी 22 नवंबर से 24 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाली 'सेवा संवाद यात्रा' की तैयारियों को लेकर आज धरसींवा स्थित 'सेवा सदन' में प्रशासनिक अमले की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी, जनपद पंचायत के अधिकारी एवं समस्त ग्राम पंचायतों के सचिव उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की जमीनी हकीकत को परखना और आम जनता से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना था। इसके साथ ही, आगामी 'सेवा संवाद यात्रा' के दौरान जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की रूपरेखा भी तैयार की गई।
विकास कार्यों और शिलान्यास पट्टिकाओं की बिंदुवार समीक्षा
बैठक के दौरान विधायक श्री अनुज शर्मा ने विभागवार पूर्ण हो चुके विकास कार्यों, निर्माणाधीन कार्यों तथा स्वीकृत नवीन कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा पूर्व में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में किए गए भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यों तथा उनसे संबंधित विकास पट्टिकाओं की वर्तमान भौतिक स्थिति के संबंध में अधिकारियों से जवाब-तलब किया।
विधायक श्री शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण मुख्यमंत्री के करकमलों से हो चुका है, उनमें किसी भी प्रकार की प्रशासनिक लेटलतीफी या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन और अपूर्ण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को उनका सीधा लाभ मिल सके।
'सेवा संवाद यात्रा' को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश
विधायक श्री शर्मा ने अधिकारियों और सचिवों को संबोधित करते हुए कहा कि 22 नवंबर से 24 दिसंबर तक चलने वाली 'सेवा संवाद यात्रा' के दौरान वे विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक ग्राम में पहुंचेंगे और जनचौपाल लगाकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। यात्रा की सफलता के लिए उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख निर्देश दिए:
* अद्यतन रिपोर्ट तैयार रखें: प्रत्येक पंचायत सचिव और विभागीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के पूर्ण, निर्माणाधीन और लंबित विकास कार्यों की पूरी सूची व वर्तमान प्रगति रिपोर्ट तैयार रखें।
* योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ: केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं (जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, जल जीवन मिशन/नल-जल योजना, राजस्व प्रकरण, पेंशन एवं राशन कार्ड आदि) से वंचित पात्र हितग्राहियों को चिन्हित करें और यात्रा के दौरान ही उन्हें लाभान्वित करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
* जनचौपाल में अनिवार्य उपस्थिति: यात्रा के दौरान ग्राम स्तर पर आयोजित होने वाली जनचौपालों में संबंधित विभागों के मैदानी अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया जा सके।
जनता की सेवा ही सर्वोच्च प्राथमिकता: विधायक अनुज शर्मा
बैठक के अंत में विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने कहा, "धरसींवा विधानसभा मेरा परिवार है। 'सेवा संवाद यात्रा' का उद्देश्य केवल गांवों का भ्रमण करना नहीं, बल्कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों को समाज की अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाना है। सभी अधिकारी व सचिव आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और हम धरसींवा को प्रदेश का एक आदर्श एवं विकसित विधानसभा क्षेत्र बनाने का लक्ष्य पूरा कर सकें।"
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में विधायक अनुज शर्मा के साथ सह-प्रभारी रुखमणी वर्मा, सरोज चन्द्रवंशी, पूजा अश्वनी वर्मा, प्रीति भरत सोनी, तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), पीएचई, विद्युत विभाग, राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित समस्त विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियर एवं ग्राम पंचायतों के सचिव बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

