CG : सांसद खेल महोत्सव : खेल, संगठन और समाज को जोड़ने का विराट अभियान: बृजमोहन अग्रवाल

CG : सांसद खेल महोत्सव : खेल, संगठन और समाज को जोड़ने का विराट अभियान: बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर। रायपुर में 23, 24 एवं 25 दिसंबर को आयोजित होने जा रहे सांसद खेल महोत्सव के मेगा फाइनल एवं भव्य समापन समारोह की तैयारियों को लेकर रविवार को सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने विभिन्न खेल संघों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक ली।

बैठक में कबड्डी, खो-खो, शतरंज, वॉलीबॉल, बॉडीबिल्डिंग, वेटलिफ्टिंग, बास्केटबॉल, फुटबॉल, हॉकी, तीरंदाजी, कराते, कुश्ती एवं टेबल टेनिस संघों के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही महाराष्ट्र मंडल, विप्र समाज, सिंघी समाज, अग्रवाल सभा सहित अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता निभाई।

बैठक को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा, अनुशासन और आत्मविश्वास को मंच देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से स्वस्थ समाज, सशक्त युवा और सकारात्मक ऊर्जा का निर्माण होता है। यही सोच सांसद खेल महोत्सव की आत्मा है।

अग्रवाल ने सभी खेल संघों, सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि सांसद खेल महोत्सव जनभागीदारी, समन्वय और सामूहिक प्रयास का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों की सुविधा, सुरक्षा, पारदर्शिता तथा आयोजन की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।