कलेक्टर ने एकलव्य आवासीय विद्यालय शामपुर का किया निरीक्षण विद्यार्थियों को दिलाई राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ
कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने आज कोण्डागांव स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, शामपुर का निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों से शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली और उन्हें पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न विषयों पर आधारित बनाए गए चार्ट का अवलोकन किया और आकर्षक चार्ट तैयार करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया और आगे भी इसी तरह रचनात्मक प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि यह विद्यालय शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अच्छे से पढ़ाई करने और किसी भी समस्या या परेशानी को शिक्षकों के साथ साझा करने की सलाह दी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कन्या आश्रम में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए तथा वहां पेयजल समस्या के समाधान हेतु लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। साथ ही विद्यालय की प्रयोगशाला के लिए आवश्यक फर्नीचर की व्यवस्था करने हेतु जिला शिक्षा अधिकारी को भी निर्देशित किया।
राष्ट्रीय एकता दिवस की दिलाई शपथ
कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखण्डता एवं सुरक्षा को बनाए रखने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, आदिवासी विकास विभाग के मंडल संयोजक रोशन सहारे सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
cg24
