माँ की प्रसन्नता के लिए भक्तों ने किया आकर्षक धुनुची नृत्य

माँ की प्रसन्नता के लिए भक्तों ने किया आकर्षक धुनुची नृत्य
माँ की प्रसन्नता के लिए भक्तों ने किया आकर्षक धुनुची नृत्य
राजेंद्र नगर में वर्षों से निभाई जा रही बंगाली दुर्गा पूजा की सदियों पुरानी परंपरा

रायपुर। श्री श्री शारदीय दुर्गोत्सव त्रिलोकी माँ कालीबाड़ी समिति, राजेंद्र नगर में श्रद्धालुओं ने आकर्षक धुनुची नृत्य कर माँ दुर्गा के प्रति अपनी श्रद्धा और भक्ति अर्पित की। मंदिर परिसर में आयोजित इस पारंपरिक नृत्य में पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। धुनुची नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।
समिति की सांस्कृतिक प्रभारी श्रीमती सुचित्रा बर्धन एवं सचिव विवेक बर्धन ने बताया कि धुनुची नृत्य बंगाली दुर्गा पूजा की सदियों पुरानी परंपरा का अभिन्न अंग है। दुर्गा पूजा पंडालों में विशेष रूप से किए जाने वाले इस नृत्य में श्रद्धालु धूप से भरी धुनुची लेकर माँ दुर्गा के समक्ष नृत्य करते हैं। यह नृत्य माँ के प्रति समर्पण, आस्था और शक्ति-आराधना का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि धुनुची नृत्य बंगाली संस्कृति और धार्मिक आस्था से गहराई से जुड़ा हुआ है। माँ दुर्गा की आराधना के भाव के साथ श्रद्धालु यह नृत्य करते हैं और माँ से सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति का आशीर्वाद माँगते हैं। भक्तों ने पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव से धुनुची नृत्य प्रस्तुत कर माँ दुर्गा को प्रसन्न करने तथा मनोवांछित कार्यों की सिद्धि की कामना की।
समिति द्वारा राजेंद्र नगर में पिछले 45 वर्षों से दुर्गोत्सव के साथ इस पारंपरिक आयोजन की निरंतरता बनाए रखी जा रही है। यह 46वां वर्ष है। बंगाली संस्कृति की इस विशिष्ट परंपरा का निर्वहन करते हुए समिति श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का कार्य कर रही है।