यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा  में सफल अभ्यर्थियों को प्रदाय की जाएगी प्रोत्साहन राशि आवेदन 12 अगस्त तक मंगाए गए

यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा  में सफल अभ्यर्थियों को प्रदाय की जाएगी प्रोत्साहन राशि
आवेदन 12 अगस्त तक मंगाए गए
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हेतु प्रोत्साहन योजना अंतर्गत आदिवासी विकास विभाग द्वारा प्रदेश के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अभ्यर्थियों को संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में सफलता प्राप्त करने पर 01 लाख रूपए प्रोत्साहन राशि दिये जाने का प्रावधान है।
आदिवासी विकास विभाग कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार पात्र अभ्यर्थियों से 12 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पात्रता की शर्तें तथा आवेदन पत्र का प्रारूप विभाग की वेबसाईट 
www.tribal.cg.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रपत्र में आवेदन पत्र आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, ब्लॉक-डी, भूतल, इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर, अटल नगर में अंतिम तारीख तक जमा कर पावती प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा आवेदन पत्र समय-सीमा में रजिस्टर्ड डाक से भी उल्लेखित पते पर भेजा जा सकता है। उक्त प्रोत्साहन योजनांतर्गत अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना अनिवार्य है तथा छत्तीसगढ़ राज्य द्वारा अधिसूचित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग का स्थायी जाति प्रमाण पत्र धारक होना चाहिए।
        यह भी बताया गया कि अभ्यर्थी एवं अभ्यर्थी के पालक की समस्त स्त्रोतों से आय, आयकर की श्रेणी में नहीं आता है और आयकरदाता नहीं होने का 50 रूपए के नॉन ज्यूडिशयल स्टाम्प पेपर पर शपथ पत्र, स्थायी आय प्रमाण पत्र सहित प्रस्तुत करना होगा। अभ्यर्थी द्वारा संघ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा में सफल होने का प्रमाण-पत्र या अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। अभ्यर्थी केन्द्र अथवा राज्य शासन की योजना अंतर्गत निःशुल्क रहवासी प्रशिक्षण न लिया हो। पूर्व में अभ्यर्थी द्वारा प्रारंभिक परीक्षा में सफल होकर इस योजनांतर्गत प्रोत्साहन राशि प्राप्त की गई हो, तो वह पात्र नहीं होगा। इच्छुक पात्र अभ्यर्थी आवेदन पत्र कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कांकेर से कार्यालयीन समय मे ंउपस्थित होकर प्राप्त कर सकते हैं।


 
समाचार  
 एक पेड़ माँ के नाम 2.0 के तहत वृक्षारोपण का आयोजन
उत्तर बस्तर कांकेर 25 जुलाई 2025/महिला एवं बाल विकास विभाग कांकेर द्वारा बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं योजनान्तर्गत एक पेड़ माँ के नाम 2.0 के तहत कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशन महतारी वंदन योजना से लाभान्वित तथा गर्भवती महिलाओं के घरों में पौधरोपण किया जा रहा है। इसी कड़ी में महिला एवं बाल विकास कार्यालय के जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में गत दिवस ग्राम पंचायत नारा एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के परिसर, गर्भवती महिलाओं, महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं के घरों में भी फलदार व अन्य पौधों का रोपण किया गया। उक्त कार्यक्रम में ग्राम पंचायत नारा की जनप्रतिनिधिगण, स्कूल के समस्त स्टॉफ, छात्र छात्राएँ एवं स्थानीय ग्रामवासी सम्मिलित हुए।

 
 
  
प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश हेतु द्वितीय प्रतीक्षा सूची की काउंसिलिंग 28 अगस्त को रायपुर में  
उत्तर बस्तर कांकेर 25 जुलाई 2025/ प्रयास आवासीय विद्यालयों में शिक्षण सत्र-2025-26 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु विद्यार्थियों की वर्गवार मेरिट एवं प्रतीक्षा सूची विभाग की वेबसाइट  https://eklavya.cg.nic.in पर अपलोड की गई है। आदिवासी विकास विभाग कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार द्वितीय प्रतीक्षा सूची में दर्शित विद्यार्थी 28 अगस्त प्रातः 10 से सायं 05 बजे तक प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय गुढ़ियारी रायपुर में अनिवार्य दस्तावेज के साथ उपस्थित होने कहा गया है।
आवश्यक दस्तावेज- काउंसिलिंग के दौरान विद्यार्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आना अनिवार्य है। विद्यार्थी का प्रवेश पत्र, सक्षम राजस्व अधिकारी द्वारा जारी निवास एवं स्थायी जाति प्रमाण पत्र, वर्ष 2024-25 में कक्षा 8वीं प्रथम श्रेणी मे उत्तीर्ण प्रमाण पत्र, यदि परिवार नक्सल हिंसा से सीधे प्रभावित है तो, इस आशय का संबधित क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रमाण पत्र, शाला स्थानांतरण या शाला छोड़ने का प्रमाण पत्र, विद्यार्थी का मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी चिकित्सा जांच प्रमाण पत्र, सिकल से जांच प्रमाण पत्र के साथ 02 रंगीन पासपोर्ट साईज फोटो। आवश्यक निर्देश- मेरिट सूची में दर्शित विद्यार्थी के साथ एक अभिभावक, पालक को काउंसिलिंग स्थल में प्रवेश की पात्रता होगी। निर्धारित तिथि व समय पर उपस्थित नहीं होने की स्थिति में रिक्त सीट के आधार पर संस्था आबंटित की जाएगी।

 
 
  
सामान्य सभा एवं सामान्य प्रशासन समिति की बैठक 30 जुलाई को
उत्तर बस्तर कांकेर 25 जुलाई 2025/ जिला पंचायत की सामान्य सभा एवं सामान्य प्रशासन समिति की बैठक 30 जुलाई को आहूत की गई है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मण्डावी ने बताया कि पदेन सभापति सामान्य प्रशासन समिति की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी की अध्यक्षता में जिला पंचायत के सभाकक्ष में सुबह 11 बजे से आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को उक्त बैठक में निर्धारित एजेण्डा की जानकारी के साथ उपस्थित होने के लिए कहा है।