शहादत दिवस पर चार साहिबज़ादों की अमर शहादत को नमन, श्री गुरु गोविंद सिंह चौक पर भव्य दीपमाला आयोजन

शहादत दिवस पर चार साहिबज़ादों की अमर शहादत को नमन, श्री गुरु गोविंद सिंह चौक पर भव्य दीपमाला आयोजन

शहादत दिवस पर चार साहिबज़ादों की अमर शहादत को नमन, श्री गुरु गोविंद सिंह चौक पर भव्य दीपमाला आयोजन

धर्म की रक्षा, सत्य और राष्ट्र के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के चार साहिबज़ादों की अमर शहादत को नमन करते हुए शहादत दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के स्टेशन रोड स्थित श्री गुरु गोविंद सिंह चौक में श्रद्धा, भक्ति और देशभक्ति से ओत-प्रोत दीपमाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम तेरा तेरा सेवा दल एवं सिख समाज की संगत के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पाठ एवं अरदास के साथ की गई, जिसके पश्चात संगत के लिए नाश्ते के साथ गरम दूध का वितरण किया गया। दीपों की रोशनी में साहिबज़ादों की शहादत को स्मरण करते हुए उपस्थित संगत ने उनके बलिदान से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर तेरा तेरा सेवा दल के बलविंदर सिंह कलसी, गुरुद्वारा स्टेशन रोड के प्रधान सुरेंद्र सिंह छाबड़ा, छत्तीसगढ़ सिख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, सतपाल सिंह, कुलदीप सिंह चावला, स्वर्ण सिंह चावला, प्रधान सिंह, एडवोकेट मनोज सिंह छाबड़ा सहित समाज के गणमान्यजन, महिलाएं, पुरुष एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि चार साहिबज़ादों की शहादत केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को धर्म, न्याय और देशप्रेम के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।

कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं भावनात्मक वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें दीपों की लौ के साथ साहिबज़ादों की अमर गाथा जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।