रायपुर में 6 दिसंबर को होगा साहू युवक-युवती परिचय सम्मेलन, पंजीयन की तारीख बढ़ी

रायपुर। राजधानी रायपुर में साहू समाज का युवक-युवती परिचय सम्मेलन आगामी 6 दिसंबर 2026 को संतोषी नगर स्थित मां कर्मा धाम में आयोजित किया जाएगा। शहर जिला साहू संघ, रायपुर के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेशभर से विवाह योग्य युवक-युवतियां शामिल होंगे। इस दौरान उन्हें मंच से अपना परिचय देने और अपने लिए योग्य जीवनसाथी तलाशने का अवसर मिलेगा। सम्मेलन में अधिक से अधिक सामाजिक परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 नवंबर 2026 कर दी गई है। पहले पंजीयन की अंतिम तिथि 20 नवंबर निर्धारित की गई थी। सामाजिक बंधुओं के आग्रह पर संघ ने पांच दिन की अतिरिक्त मोहलत देने का निर्णय लिया है। इसकी जानकारी संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष दिलीप साहू ने प्रेसवार्ता में दी। उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल दिलीप साहू ने बताया कि सम्मेलन में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू और छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरेन्द्र साहू सहित प्रदेश साहू संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान पदाधिकारी अतिथि के रूप में शामिल होंगे। ‘मोर संगवारी’ पत्रिका का होगा विमोचन सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण विवाह योग्य युवक-युवतियों की परिचय पत्रिका ‘मोर संगवारी’ का विमोचन रहेगा। इस पत्रिका में पंजीकृत युवक-युवतियों का परिचय प्रकाशित किया जाएगा और इसकी प्रतियां प्रतिभागियों को वितरित की जाएंगी। इस बार आयोजन में एक विशेष पहल भी की जा रही है। युवक-युवतियों और उनके परिजनों के बीच आपसी बातचीत, विचार-विमर्श एवं काउंसिलिंग के लिए अलग से बैठक व्यवस्था की जाएगी। इससे परिवारों को एक-दूसरे को जानने और संभावित वैवाहिक रिश्तों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा। 25 नवंबर तक पंजीयन कराने की अपील कार्यवाहक अध्यक्ष दिलीप साहू ने समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा यानी 25 नवंबर तक अपना पंजीयन अवश्य करा लें। आयोजन की तैयारियों में शहर जिला साहू संघ के पदाधिकारी, 10 परिक्षेत्रों एवं 70 वार्डों के अध्यक्ष और पदाधिकारी, सामाजिक पार्षद, एल्डरमेन सहित समाज के सदस्य जुटे हुए हैं। प्रेसवार्ता में कार्यकारी अध्यक्ष लीलाधर साहू, जिला उपाध्यक्ष ऋषि साहू, उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू, महामंत्री कमल नारायण साहू, गिरधर साहू, संगठन सचिव माखन लाल साहू, संपादक सुंदर लाल साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।