जनगणना कार्य में बाधा डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

जनगणना कार्य में बाधा डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

बिलासपुर : जनगणना कार्य में बाधा डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

राष्ट्रीय महत्व के जनगणना कार्य को सुचारू और समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा जनगणना कर्मियों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी संजय अग्रवाल द्वारा इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

       गौरतलब है कि जनगणना 2027 का कार्य इस माह की 1 तारीख से प्रगति पर है और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को पूरा सहयोग दें तथा उनके सम्मान का ध्यान रखें, ताकि यह कार्य निर्धारित समय-सीमा में सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना कार्य में बाधा उत्पन्न करने, कर्मचारियों के साथ अभद्रता या विवाद करने वालों के विरुद्ध जनगणना अधिनियम 1948 एवं भारतीय न्याय संहिता 2023 के प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हाल ही में बिल्हा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम घोघरा में जनगणना कार्य में बाधा पहुंचाने और जनगणना कर्मी से मारपीट के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेजा गया है। जिला प्रशासन ने कहा है कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं का आधार है। ऐसे में सभी नागरिकों का सहयोग इस अभियान की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है।