प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई तीन में पदस्थ नेत्र चिकित्सा सहायक अधिकारी जसविंदर कौर विरदी अपनी सुदीर्घ शासकीय सेवा से बुधवार को सेवानिवृत्त हो गई। अंतिम कार्य दिवस 31 दिसंबर को अपने कार्य पर उपस्थित होकर उन्होंने ओ पी डी में हितग्राहियों की जांच की और उचित परामर्श दिया। जिन हितग्राहियों के मोतियाबिंद की पुष्टि हो चुकी थी उनको एक दिन पहले जिला चिकित्सालय दुर्ग में भर्ती करवाया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई तीन के बी ई टी ओ सैय्यद असलम ने बताया कि जसविंदर कौर विरदी की प्रथम नियुक्ति प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुंडरदेही में सन 1986 में हुई और सन 1989 में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई तीन से पदस्थ हुई और अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई तीन से ही शासकीय सेवा के नियमानुसार 62 वर्ष आयु होने पर सेवानिवृत्त हुई।
सेवाकाल के अंतिम दिन तक मरीजों और हितग्राहियों को सेवा देते हुए उन्होंने कर्मठ और ईमानदार छवि प्रदर्शित की। इनके द्वारा प्रति सोमवार और बुधवार को ओपीडी करते हुए नेत्र जांच की जाती रही। शेष दिवस भिलाई तीन के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में मरीजों की आंखों की जांच, स्कूलों और कॉलेजों में नेत्र जांच करके सैकड़ों लोगों को निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ भुवनेश्वर कठौतिया ओर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई तीन डॉ. शिखर अग्रवाल ने कहा कि ऐसे नेत्र चिकित्सा अधिकारी का साथ छूट रहा है जो समय की प्रतिबद्धता और निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में जानी जाएंगी। विभाग के अधिकारी कर्मचारियों ने 7 जनवरी को इनका सम्मान और विदाई समारोह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई तीन आयोजित किया है।
-
चादर शरीफ की जियारत आज, लंगर भी होगा
भिलाई। हजरत दाता बाबा भोला शफी शाह रहमतुल्लाह अलैह की 26 वीं सालाना चादरपोशी पर अंचल के अकीदतमंदों की ओर से भेजी जाने वाली चादर शरीफ की जियारत नए साल पर एक जनवरी को सुबह 11 बजे से खानकाह में कराई जाएगी। नंदिनी एयरोड्रम के पास स्थित ग्राम बीरेभाठ की खानकाह में चादर शरीफ की जियारत के साथ शजरा ख्वानी, फातिहा ख्वानी और सलात-व-सलाम और दुआएं की जाएंगी। इसके बाद बाद आम लंगर रखा गया है।
हाजी एमएच सिद्दीकी ने बताया कि हजरत दाता बाबा भोला शफी शाह रहमतुल्लाह अलैह की 26 वीं सालाना चादरपोशी 8 जनवरी को मझौली शरीफ (उप्र) में होने जा रही है। यहां मुल्क की तमाम खानकाहो से चादर शरीफ़ भेजी जा रही है। इसी कड़ी मे भिलाई खानकाह से भी बाबा हुजूर व दादी अम्मा की चादर शरीफ़ लेकर जायरीनों का एक जत्था मझौली शरीफ़ जाएगा। अकीदतमंद इस चादर शरीफ़ की जियारत एक जनवरी गुरुवार को दिन मे ग्यारह बजे से भिलाई ख़ानकाह मे कर सकते हैं। हाजी सिद्दीकी ने अकीदतमंदों से इस दौरान शामिल होने की अपील की है।
-
650 बच्चों को बांटे स्वेटर, ठंड से मिली राहत
भिलाई। जिले के विभिन्न स्कूलों में स्वर्गीय सरबती देवी बनारसी दास फरमानिया चैरिटेबल ट्रस्ट (पेंड्रा) की ओर से 30 दिसंबर को स्वेटर वितरित किया गया। ट्रस्ट के संचालक सुरेश फरमानिया ने दुर्ग जिले के बोरी तहसील स्थित शासकीय प्राथमिक शाला, माध्यमिक हायर सेकेंडरी नवागांव, प्राथमिक शाला सिलतरा और प्राथमिक शाला डोमा के लगभग 650 बच्चों को नवागांव (पुरदा) स्कूल में स्वेटर वितरण किया।
सर्दी के मौसम में स्वेटर मिलने से बच्चे आनंदित हो उठे। ट्रस्ट के संस्थापक सुरेश फरमानिया ने बताया कि संस्था द्वारा सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को स्वेटर के अलावा पुस्तक, कॉपी, पेन, पेंसिल, स्कूल बैग विगत कई वर्षों से दिया जा रहा है। संस्था के द्वारा केवल सहयोग की भावना से ही कार्य किया जाता हैं। फरमानिया ट्रस्ट को उनके इस परोपकारी कार्यो के लिए शाला परिवार के तरफ से धन्यवाद ज्ञापित किया गया, साथ ही उन्हें सम्मान स्वरूप शाल,श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देखकर सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम में दिनेश कुमार साहू (संकुल समन्वयक) हिर्री, प्राचार्य रागिनी टोनपे, मनोज कुमार मरकाम (शिक्षक) पेंड्रावन, भीखम साहू (सरपंच) नवागांव, त्रिभुवन वर्मा (उपसरपंच) नवागांव, तोमन लाल देशमुख (व्याख्याता), प्रधान पाठक (डोमा) मिलेश्वर देशमुख, प्रधान पाठक (सिलतरा) ताम्रध्वज ठाकुर, प्रधान पाठक (नवागांव) शैलेन्द्र पारकर, अजय कतलम एवं ग्राम के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।