डेफ एवं इनऑपरेटिव खातों की राशि शासकीय कोष में शीघ्र जमा कराने के निर्देश
साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा
कोण्डागांव /कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने ऐसे शासकीय डेफ एवं इनऑपरेटिव खातों, जिनकी राशि संबंधित कार्यालय द्वारा शासकीय कोष में जमा नहीं कराई गई है, उन्हें सख्त निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा में राशि जमा नहीं करने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के वेतन पर रोक लगाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि डेफ अकाउंट, जो किसी कारणवश 10 वर्ष से अप्रचलित हैं तथा इनऑपरेटिव अकाउंट, जो 2 वर्षों से निष्क्रिय हैं, उनकी राशि निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत चालान के माध्यम से शासकीय कोष में जमा की जानी है। खाताधारक निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण कर अपनी राशि पुनः प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में कलेक्टर ने धान खरीदी की समीक्षा करते हुए धान उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान सभी विद्यार्थियों का आधार कार्ड पंजीयन सुनिश्चित करने तथा अपार आईडी पंजीयन में तेजी लाने हेतु कहा। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्रों में संस्थागत प्रसव की सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया, जिससे जिला अस्पताल पर दबाव कम हो सके। साथ ही टीकाकरण यूविन पोर्टल में एंट्री अनिवार्य रूप से करने तथा आयुष्मान भारत वय वंदन योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, टीएचआर सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी आंगनबाड़ी भवनों में विद्युतीकरण, शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, जल जीवन मिशन सहित अन्य शासकीय योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
cg24
