CG : पूजा के दीये से भड़की भीषण आग, गरीब का आशियाना जलकर राख
बिलासपुर। बिलासपुर के 27 खोली विकास नगर में सोमवार रात उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब पूजा के जलते दीये से अचानक एक घर में भीषण आग लग गई। दोपहर से बिजली गुल होने के कारण शाम को घर में दीया जलाया गया था, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस आशियाने में किराए पर रहने वाला एक गरीब परिवार, जो ई-रिक्शा चलाकर अपना गुजर-बसर करता है, उसका बिस्तर, पलंग, कपड़े और राशन समेत रोजमर्रा का सारा सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई; हालांकि स्थानीय लोगों ने भारी सूझबूझ दिखाते हुए घर के भीतर रखे दो गैस सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया, जिससे एक बहुत बड़ा ब्लास्ट होने से टल गया। घटना के दौरान दमकल विभाग की बड़ी लापरवाही भी सामने आई, जिससे लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि फायर स्टेशन पास में ही होने के बावजूद सूचना देने के करीब 45 मिनट बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। हालांकि बाद में टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दर्दनाक हादसे में राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोग बाहर निकल गए जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवार के 6 से 8 सदस्यों के सिर से छत छिन गई है और उनके सामने अब दाने-दाने का संकट खड़ा हो गया है।
cg24 
