साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
o म्यूल बैंक खाते के खिलाफ 12 राज्यों से साइबर शिकायतें, 1.01 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की रकम के लेन-देन का खुलासा
कांकेर। साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध कांकेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पखांजूर क्षेत्र के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के बैंक खाते के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की रकम का लेन-देन किए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, संबंधित बैंक खाते के विरुद्ध अलग-अलग राज्यों से कुल 12 साइबर शिकायतें दर्ज हैं तथा करीब 1 करोड़ 1 लाख 64 हजार 435 रुपये की साइबर ठगी से संबंधित रकम का लेन-देन पाया गया है।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम और ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कुलदीप बंजारे के पर्यवेक्षण में थाना पखांजूर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भारत सरकार के गृह मंत्रालय के साइबर क्राइम पोर्टल एवं पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के आधार पर थाना पखांजूर क्षेत्र के छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के खाता क्रमांक 77112765815 की जांच की गई। जांच में सामने आया कि इस बैंक खाते का उपयोग विभिन्न राज्यों में हुई साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए किया जा रहा था। खाते के विरुद्ध कुल 12 साइबर शिकायतें दर्ज होने के साथ ही करीब 1.01 करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध रकम का लेन-देन पाया गया।
जांच के दौरान बैंक खाते के धारक सिराज बैरागी (25 वर्ष), निवासी ग्राम पीव्ही-42 विद्यानगर की संलिप्तता सामने आई। इस पर थाना पखांजूर में अपराध क्रमांक 181/2026 के तहत धारा 318(2), 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पूछताछ के दौरान सिराज ने अपने साथी सूरज दास (25 वर्ष), निवासी ग्राम पीव्ही-13 श्यामनगर के साथ मिलकर कथित रूप से धोखाधड़ी से प्राप्त रकम का बैंक खाते के माध्यम से लेन-देन करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
editor 
