शीतकाल के लिए बंद हुए श्री बदरीनाथ धाम के कपाट, इस वर्ष रिकॉर्ड 23.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
बदरीनाथ धाम/देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित श्री बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार (16 नवंबर) की रात परंपरागत धार्मिक रीतियों के साथ पालन के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही इस साल के लिए श्री बदरीनाथ धाम यात्रा का समापन हो गया। इस वर्ष श्रद्धालुओं की आस्था का एक नया कीर्तिमान बना। गत 23 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से पूरी यात्रा अवधि के दौरान देश-विदेश से श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ा और 23.50 लाख से अधिक भक्तों ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए।
कपाट बंद होने के अवसर पर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप से सजाया गया और मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी ने परंपरा के अनुसार पूजा संपन्न की। इस दौरान सेना के बैंड, घंटी-घड़ियालों की गूंज और ‘जय बद्री विशाल’ के जयघोषों से संपूर्ण धाम भक्तिमय हो उठा। कपाट बंद होने के पश्चात परंपरानुसार आज (मंगलवार) प्रातः भगवान श्री उद्धव जी एवं कुबेर जी की प्रतिमाएं भव्य डोली शोभायात्रा के साथ योगध्यान बदरी मंदिर, पांडुकेश्वर के लिए प्रस्थान कर गईं। यहां शीतकाल के दौरान पूजा-अर्चना संपन्न होगी। वहीं, आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी विधिवत रूप से ज्योतिर्मठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर में विराजमान होगी।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के नेतृत्व में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। कपाट बंदी के इस अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती एवं विजय कपरवाण, मुख्यमंत्री सलाहकार (बीकेटीसी एवं चारधाम यात्रा) माधव सेमवाल, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, प्रभारी धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
editor 
