भारत पहले टेस्ट में निश्चित रूप से चार तेज गेंदबाजों को खिला सकता है : शुभमन गिल
वेलिंग्टन। भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने कहा है कि गुरुवार से यहां शुरू होने वाले पहले टेस्ट में वह चार तेज गेंदबाजों को खिलाना चाहते है।
मंगलवार को घने बादलों और रुक-रुककर हो रही बूंदाबांदी के बीच बेसिन रिजर्व की पिच पर घास की मोटी परत दिखाई दे रही थी। न्यूजीलैंड में आमतौर पर ऐसा ही होता है। वहां पिचें शुरुआत में तेज गेंदबाजों को बहुत मदद देती हैं, लेकिन टेस्ट मैच आगे बढ़ने के साथ बल्लेबाजी के लिए आसान होती जाती हैं। भारतीय टेस्ट टीम में छह विशेषज्ञ तेज गेंदबाज हैं जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, कंबोज और गुरनूर बराड़।
इनके अलावा रेड्डी भी दल में हैं। गिल ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, “यहां हमने जो टेस्ट मैच देखे हैं, उनमें शुरुआती दो दिन का खेल बाकी तीन दिनों से बहुत अलग होता है।” इसी को ध्यान में रखते हुए वह ऐसा तेज गेंदबाजी आक्रमण चाहते हैं, जो हर तरह की स्थिति से निपट सके। इसमें नई गेंद से स्विंग, शुरुआती दो दिनों में सीम मूवमेंट और पिच के सपाट होने पर तेज गेंदबाजों का हिट द डेक गेंदबाजी करना शामिल है। उन्होंने स्पिनर की भूमिका पर भी जोर दिया, जिसे एक छोर से खासकर दूसरी पारी में वेलिंग्टन में चलने वाली तेज हवाओं के खिलाफ गेंदबाजी करते समय रन रोकने होंगे। रवींद्र जडेजा का इकलौते स्पिनर के रूप में खेलना और सात नंबर पर बल्लेबाजी करना लगभग तय है, जबकि वॉशिंगटन सुंदर उनके बैक-अप होंगे।
उन्होंने कहा, “हम निश्चित रूप से चार तेज गेंदबाजी विकल्प चाहते हैं, लेकिन अभी यह तय कर रहे हैं कि वे कौन होंगे। हम हर तरह की स्थिति के लिए तैयार रहना चाहते हैं। हमने देखा है कि तीसरे, चौथे और पांचवें दिन, खासकर पुरानी गेंद से, पिच थोड़ी सपाट हो जाती है। इसलिए हमारे तेज गेंदबाजी आक्रमण में कोई ऐसा होना चाहिए, जिसके पास रफ़्तार हो और जो लगातार सही जगह पर गेंद डाल सके। इसके अलावा हम एक स्पिनर के साथ उतरना चाहेंगे, जो एक छोर से रन रोक सके। क्योंकि अगर हवा तेज चल रही हो तो उनके खिलाफ गेंदबाजी करना आसान नहीं होगा।”
उन्होंने कहा, “हवा के खिलाफ गेंदबाजी करते समय तेज गेंदबाज की भूमिका लगभग आधी रह जाती है। इसलिए हम कई बातों को ध्यान में रखकर फैसला करेंगे।” गिल के टेस्ट कप्तान और गौतम गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद से बल्लेबाजी में गहराई हमेशा से प्रमुख रहा है। गंभीर के कार्यकाल में एशिया के बाहर टेस्ट मैचों में नंबर 8 पर बल्लेबाजी करने वाले पांच खिलाड़ी – रेड्डी, वॉशिंगटन, शार्दुल ठाकुर, आर अश्विन और ध्रुव जुरेल – सभी ऑलराउंडर या विकेटकीपर-बल्लेबाज रहे हैं। अगर भारत वेलिंग्टन में चार मुख्य तेज गेंदबाजों के साथ उतरता है, तो यह इस परंपरा से बेहद अलग होगा। हालांकि, गिल ने संकेत दिया कि ज़रूरत पड़ने पर कंबोज या आकाश दीप आठ नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, “आदर्श रूप से हम सात विशेषज्ञ बल्लेबाजों के साथ उतरना चाहते हैं और फिर नंबर 8 और 9 का फैसला इस बात पर निर्भर करेगा कि हम किस संयोजन के साथ खेलते हैं। आकाश थोड़ी बल्लेबाजी कर सकते है, अंशुल भी थोड़ी बल्लेबाजी कर सकते हैं। अगर हम रेड्डी के साथ भी उतरते हैं, तो वह एक विशेषज्ञ बल्लेबाज हैं। इसलिए हम देखेंगे कि हमें किस तरह का संयोजन चाहिए और हम क्या करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि खास तौर पर दूसरी पारी की बात करें तो स्पिनर की भूमिका भी होगी, जो एक छोर से रन रोकेगा। इसके साथ कम से कम दो ऐसे गेंदबाज होने चाहिए, जो गेंद को पिच पर तेजी से पटक सकें और 140 [किमी प्रति घंटे] या 135 से कुछ अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी कर सकें। मुझे लगता है कि ये अहम बातें हैं, ख़ासकर तब जब गेंद पुरानी हो जाती है। हमने देखा है कि कूकाबुरा गेंद पुरानी होने के बाद उसकी सीम थोड़ी घिस जाती है और वह नई गेंद की तरह पिच से उतनी मूवमेंट नहीं करती। ऐसे में आपको किसी ऐसे गेंदबाज की ज़रूरत होती है, जो गेंद को तेज़ी से पिच पर पटक सके और लगातार विकेट लेने के मौके बना सके।”
उन्होंने कहा, “चार तेज गेंदबाजों के साथ खेलने की वजह यह है कि आप हर तरह की स्थिति के लिए तैयार रहना चाहते हैं। अगर पिच पर गेंदबाजों के लिए मदद है और गेंद सीम हो रही है, तो आपके पास ऐसा तेज गेंदबाज होना चाहिए जो लगातार सही जगह पर गेंद डाल सके। अगर गेंद पिच से मूव नहीं कर रही है, तो ऐसा गेंदबाज चाहिए जो पूरी ताकत लगाकर लगातार हार्ड लेंथ पर गेंदबाजी कर सके। मुझे लगता है कि अगर हम ज़्यादातर परिस्थितियों के लिए तैयार रहते हैं और अपनी पूरी क्षमता से खेलते हैं, तो हमारे पास उन्हें हराने का पूरा मौका होगा। उन्होंने कहा कि हमें लगता है कि तेज गेंदबाजी करने वाला और लंबा क़द रखने वाला कोई खिलाड़ी यह भूमिका निभा सकता है। गुरनूर और प्रसिद्ध में से हम देखेंगे कि कौन पांचों दिन हमारे लिए अधिक उपयोगी साबित हो सकता है। हम उसी को चुनेंगे।”
भारत ने पिछली बार 2019-20 में न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेली थी। उस सीरीज में भारत पहली पारी में न्यूजीलैंड को कड़ी टक्कर देने में कामयाब रहा था, लेकिन दोनों टेस्ट की दूसरी पारी में पिछड़ गया और 0-2 से सीरीज हार गया। उस समय गिल को टेस्ट कैप नहीं मिली थी, लेकिन वह भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा थे। भारतीय कप्तान ने कहा, “मुझे उस सीरीज से जो बात याद है, वह यह कि उन्होंने हमें कई अलग-अलग तरीक़ों से उन्हें चुनौती दी थी। लेकिन मुझे लगा कि वे हमसे कहीं अधिक तैयार थे और उन्हें अच्छी तरह पता था कि अपनी मजबूतियों के दम पर हमारी कमजोरियों को कैसे निशाना बनाना है।”
editor 
